तस्वीर में बाईं ओर शिवलिंग का जलाभिषेक और दाईं ओर झरिया महादेव झरने के पास एकत्रित श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।

बेगूं में अच्छी बारिश, क्षेत्र की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना को लेकर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव भक्त कावड़ यात्रा संघ के तत्वावधान में 19वीं कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर शिव भक्तों में उत्साह है। रविवार को बड़ी संख्या में कावड़ यात्री झरिया महादेव पहुंचेंगे।

जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को प्रातः झरिया महादेव में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के बाद सुबह 9 बजे कावड़ यात्रा रवाना होगी। यात्रा उमरथुना, निलिया का माल, घटाबाव, आमल्दा, गणेश घाटी और राजपुरा होते हुए शाम करीब 5:15 बजे बेगूं पहुंचेगी।

बेगूं में कावड़ यात्रा अंबेडकर सर्किल, ब्रह्मपुरी, अखरियों का चौक, सेन समाज मंदिर, गांधी चौक, केसरिया चौक, लालबाई-फूलबाई मंदिर और पुराना बस स्टैंड होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचेगी।

नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचने पर सभी शिव भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। कावड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

शिव भक्त कावड़ यात्रा संघ के कावड़ प्रमुख राजेंद्र कुमार व्यास ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में अच्छी वर्षा, खुशहाली और समृद्धि की कामना करना है। झरिया महादेव से शुरू होकर बेगूं के नीलकंठ महादेव मंदिर तक पहुंचने वाली यह 19वीं कावड़ यात्रा इसी उद्देश्य के साथ आयोजित की जा रही है।

Tags: