निम्बाहेड़ा में अमित शाह का बड़ा ऐलान, जल समझौतों से आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का दावा
निम्बाहेड़ा में अमित शाह ने अटल गौरव समारोह में 15 जिलों के 5,659 करोड़ के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। जल जीवन मिशन, तीन जल समझौतों और राजस्थान के विकास पर भी बड़ा बयान दिया।
तस्वीर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राजस्थान के निम्बाहेड़ा में आयोजित समारोह के दौरान मंच पर एक स्वागत प्रतीक चिन्ह भेंट किया जा रहा है।
चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा के अनावरण के साथ आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के विकास, जलापूर्ति, आदिवासी कल्याण और अटलजी की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को लेकर सरकार के कामकाज को रेखांकित किया। समारोह के दौरान 15 जिलों में 5 हजार 659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत 1 हजार 500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गई।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। वे बाल्यकाल से ही राष्ट्रभक्ति के रास्ते पर चले। 40 साल तक विपक्ष में रहने और हर प्रतिकूल परिस्थिति के बावजूद राष्ट्रभक्ति का सिद्धांत ही उनके जीवन का आधार रहा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास को लेकर कई बड़े फैसले किए। पूरे विश्व के दबाव के सामने न झुकते हुए उन्होंने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया।
अमित शाह ने कहा कि स्व. अटलजी ने हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम किया और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के तहत नेशनल हाईवे बनाए। देश के आदिवासियों के लिए उन्होंने पहली बार जनजाति कल्याण मंत्रालय बनाया। इसी का परिणाम है कि आज आदिवासी परिवार की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा आदिवासी कल्याण को आगे बढ़ाया। एसटी कॉम्पोनेंट का बजट 25 हजार करोड़ से बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार करोड़ तक पहुंचाने का काम किया गया। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। साथ ही, देश में 10 आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय और 772 एकलव्य विद्यापीठ बनाने का काम किया गया। अमित शाह ने कहा कि अटलजी ने जो शुरुआत की थी, प्रधानमंत्री मोदी ने उसको अंजाम तक पहुंचाया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की यह वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वीर भूमि के महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह की राष्ट्रभक्ति, धर्मभक्ति और स्वराज के प्रति लगन ने मुगलों के विजय रथ को रोक कर रख दिया था।
अमित शाह ने राजस्थान में जल जीवन मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पहले 11 लाख घरों तक ही नल से पानी पहुंचा था। माताएं-बहनें सिर पर तीन-तीन मटकियां लेकर कोसों दूर से पानी लेकर आती थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए जल जीवन मिशन से 8 साल में ही राजस्थान में 64 लाख घरों तक पानी पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि 80वां स्वतंत्रता दिवस करोड़ों लोगों के लिए बड़ा परिवर्तन लेकर आया। आजादी के 80 साल के बाद लाल किले की प्राचीर पर और देशभर में जहां ध्वजवंदन हुआ, वहां बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जी की अमर कृति राष्ट्र गीत वंदे मातरम का गायन हुआ। वंदे मातरम बोलते-बोलते हजारों-लाखों लोगों ने आजादी की लड़ाई में गोलियां खाईं, लाठियां खाईं, कई साल जेल में रहे और फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह अमर गान अब फिर सम्मान प्राप्त कर रहा है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे वादे पूरे करने की दिशा में तेज गति से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान को पानी की कमी के लिए जाना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीन बड़े जल समझौते कर आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का काम किया है। हरियाणा, गुजरात और पंजाब तक का पानी वे यहां लाए हैं। साथ ही, पूरे राजस्थान को हरियाली से भरने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हुए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। राजस्थान के विकास के लिए 36 नई नीतियां बनाई गई हैं। प्रदेश में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीब परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। अब तक 5 करोड़ 87 लाख सिलेंडर पर प्रदेश में सब्सिडी दी गई है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रदेश में 45 लाख लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान बहुत आगे बढ़ने वाला है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी देश के महान नेता थे। उनके कुशल नेतृत्व में द्वितीय परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध की जीत ने भारत की छवि को दुनियाभर में मजबूत किया। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत को एक स्वाभिमानी और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाजपेयी जी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में घोषित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाने और देश में नक्सलवाद की समस्या को खत्म करने में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही है। तीन नए आपराधिक कानून लागू कर उन्होंने देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार किया है। देश में पहली बार गठित सहकारिता मंत्रालय उनके नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में समृद्धि की प्रेरणादायक गाथा लिख रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पचपदरा में 80 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन, ऊर्जा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और 1 हजार 192 किलोमीटर नए एक्सप्रेस-वे जैसे विकास कार्यों से राजस्थान की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है। वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तथा वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है, वे भी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं कि राजस्थान में विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।
इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पंच गौरव पवेलियन, भारत टैक्सी, ई-पैक्स, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र, माणिक्यलाल वर्मा आदम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं राजीविका, चित्तौड़गढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार, सांसद सी पी जोशी, चुन्नीलाल गरासिया, मन्नालाल रावत, दामोदर अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुन लाल जीनगर, सुरेश धाकड़, चन्द्रभान आक्या सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान जोधपुर में 1 हजार 475 करोड़ रुपये से अधिक के 96 विकास कार्यों, बांसवाड़ा में 1 हजार 98 करोड़ रुपये से अधिक के 43 विकास कार्यों, बाड़मेर में 477 करोड़ रुपये से अधिक के 65 विकास कार्यों, कोटा में 455 करोड़ रुपये से अधिक के 29 विकास कार्यों, फलोदी में 362 करोड़ रुपये से अधिक के 49 विकास कार्यों, पाली में 346 करोड़ रुपये से अधिक के 54 विकास कार्यों, चित्तौड़गढ़ में 328 करोड़ रुपये से अधिक के 136 विकास कार्यों, प्रतापगढ़ में 292 करोड़ रुपये से अधिक के 42 विकास कार्यों, जालोर में 237 करोड़ रुपये से अधिक के 108 विकास कार्यों, जैसलमेर में 202 करोड़ रुपये से अधिक के 63 विकास कार्यों, बालोतरा में 194 करोड़ रुपये से अधिक के 159 विकास कार्यों, सलूंबर में 86 करोड़ रुपये से अधिक के 34 विकास कार्यों, डूंगरपुर में 55 करोड़ रुपये से अधिक के 37 विकास कार्यों, सिरोही में 35 करोड़ रुपये से अधिक के 19 विकास कार्यों तथा बूंदी में 10 करोड़ रुपये से अधिक के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया।
निम्बाहेड़ा में आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह में अटल बिहारी वाजपेयी की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा, राजस्थान के विकास कार्यों, जल जीवन मिशन के विस्तार, आदिवासी कल्याण और राज्य में जल उपलब्धता को लेकर सरकार के प्रयासों को प्रमुखता से सामने रखा गया। 15 जिलों में 5 हजार 659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास और 1 हजार 500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात इस आयोजन के प्रमुख पड़ाव रहे।