तस्वीर में पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी और अन्य भाजपा पदाधिकारी निम्बाहेड़ा की कृषि उपज मंडी में समारोह स्थल की तैयारियों का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं।

निम्बाहेड़ा में नगर परिषद एवं नगर पालिका के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन और कार्यकर्ता मिलन समारोह की तैयारियां जारी हैं। भारतीय जनता पार्टी, निम्बाहेड़ा की ओर से आयोजित यह समारोह 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को दोपहर 1 बजे कृषि उपज मंडी, निम्बाहेड़ा में होगा।

समारोह की तैयारियों के संबंध में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने बुधवार को कृषि उपज मंडी पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विधायक कृपलानी ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी ली और कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा समारोह में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

समारोह में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सी.पी. जोशी तथा पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस दौरान नगर परिषद निम्बाहेड़ा एवं नगर पालिका छोटीसादड़ी के नवनिर्वाचित भाजपा बोर्ड के सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदगणों का अभिनंदन किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यकर्ता मिलन भी होगा।

विधायक कृपलानी ने कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर है।

समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। तैयारियों के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, नगर परिषद निम्बाहेड़ा उपसभापति निलेश मेहता, भाजपा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, क्रेता व्यापार संघ अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, भाजपा नगर पूर्व महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर महामंत्री निकाय चुनाव संयोजक उमेश तोतला, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष पारस पारख, पार्षद प्रकाश शर्मा, विक्रम खेरोदिया, कालू सेन, लखन शर्मा आदि सहित मंडी व्यापार संघ के पदाधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2 अक्टूबर को होने वाला यह समारोह नगर परिषद निम्बाहेड़ा एवं नगर पालिका छोटीसादड़ी के नवनिर्वाचित भाजपा बोर्ड के जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन के साथ कार्यकर्ताओं के मिलन का अवसर होगा।

Tags: