तस्वीर में ओछड़ी टोल के पास स्थापित लाल रंग की डीजल डिस्पेंसिंग मशीन दिखाई दे रही है, जिस पर 'DIESEL' लिखा हुआ है।

निम्बाहेड़ा। चित्तौड़गढ़ जिले में अवैधानिक गतिविधियों और होटलों-ढाबों पर ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध विक्रय को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी जिला विशेष टीम चित्तौड़गढ़, जिला रसद विभाग और थाना सदर चित्तौड़गढ़ की संयुक्त टीम ने ओछड़ी टोल के पास कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री के लिए लगी डिस्पेंसिंग मशीन की जांच की गई और मौके से तीन सैंपल लिए गए।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अति जिला पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, वृताधिकारी एवं थानाधिकारी सदर चित्तौड़गढ़ प्रेम सिंह के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी सूरज कुमार सहायक के साथ टीम गठित की गई थी। डीएसटी प्रभारी सूरज कुमार सहायक उप निरीक्षक को मुखबिर खास से सूचना मिली कि ओछड़ी टोल के पास संगम होटल के बाड़े में संचालित पेट्रोलियम पदार्थ के व्यापार स्थल की जांच करने पर अवैध ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ का भंडारण मिल सकता है।

सूचना के आधार पर डीएसटी टीम मौके पर पहुंची। थाना सदर चित्तौड़गढ़ की पुलिस टीम तथा डीएसओ हितेश जी के निर्देशन में डीएसओ सुमन तिवारी, प्रवर्तन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ओछड़ी टोल नाके के पास लालजी जाट की होटल के पास पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री के लिए डिस्पेंसिंग मशीन लगी मिली। मशीन पर डीजल लिखा हुआ था। मौके पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने इसे डीजल नहीं, बल्कि बायोडीजल बताया।

डीएसटी और रसद विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित आदित्य गोस्वामी से पूछताछ की गई। उन्होंने मौके पर बायोफ्यूल बेचा जाना बताया और इस संबंध में हाई कोर्ट का स्टे भी प्रस्तुत किया।

पेट्रोलियम पदार्थ की एफएसएल जांच के लिए मौके पर मौजूद डिस्पेंसिंग मशीन से एक-एक लीटर के तीन सैंपल लिए गए। व्यापार स्थल के मालिक को एहतियातन निर्देश दिया गया कि दस्तावेजों की जांच होने तक पेट्रोलियम पदार्थों का व्यवसायीकरण और विक्रय नहीं किया जाए।

कार्रवाई में जिला रसद विभाग की ओर से हितेश जोशी, डीएसओ और सुमन तिवारी, प्रवर्तन अधिकारी शामिल रहे। पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ की टीम में थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई हीरालाल, एएसआई मंजीत सिंह और कांस्टेबल मुकेश शामिल रहे। जिला विशेष टीम में एएसआई सूरज कुमार, प्रभारी, कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, रामकेश, सुरेश सुंडा, देवेंद्र और जगदीश शामिल रहे।

जिला रसद विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आसपास कोई अवैध गतिविधि या अवैधानिक रूप से ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थों का विक्रय होता मिले तो जिला रसद विभाग के मोबाइल नंबर 9414618282 और पुलिस कंट्रोल रूम 01472240088 पर सूचना दें। कार्रवाई के दौरान लिए गए तीन सैंपलों की एफएसएल जांच और संबंधित दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Tags: