तस्वीर में मंदिर परिसर में आरती की थालियां लिए खड़े श्रद्धालु दिख रहे हैं।

निकुंभ कस्बे के प्रसिद्ध चंदा माता मंदिर परिसर में 300वां भक्ति सत्संग श्रद्धा, भाव और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। परिवार में तिलक जायसवाल के जन्मदिन के अवसर पर लाभार्थी कलावती बाई, तिलक कुमार, संगीता देवी, खुशी, मिनल एवं नंदिनी जायसवाल द्वारा सत्संग का आयोजन करवाया गया।

चंदा माता सत्संग सेवा परिषद के संयोजक प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि मंदिर परिसर में 13 सितंबर 2020 से लगातार आयोजित हो रहे साप्ताहिक भक्ति सत्संग के अब तक 300 भक्ति दिवस सानंद सम्पन्न हुए हैं। इस अवसर पर सत्संग परिषद ने माता रानी के प्रति अगाध श्रद्धा भाव अर्पित करते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालु भक्तों एवं सहयोगियों का आभार जताया।

सत्संग में भजन प्रवाहक रोड़मल उर्फ काकाश्री, गिरधारी गंधर्व, भारत सिंह राठौड़, प्यार चंद सुथार, बिनोता, कौशल्या सुथार पीन्ड, प्रकाश वैष्णव आकोला, पुष्कर मेनारिया, राहुल सोनी मोरवन एवं विष्णु कुमार बड़ी सादड़ी ने माता रानी को रिझाने वाले भावों से ओत-प्रोत भजनों एवं लावणियों की प्रस्तुति दी। भजनों और लावणियों से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर यशवंत कंप्यूटर्स की ओर से लाभार्थी परिवार को माता रानी की छवि भेंट की गई। सत्संग परिषद की ओर से लाभार्थी परिवार का अभिनंदन किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शनार्थी श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।

सायंकालीन दिव्य मंगल आरती के बाद लाभार्थी परिवार एवं गुप्त श्रद्धालु भक्त के संयुक्त सहयोग से प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रबंधन समिति के रमेश कुमार कर्मठ ने जताया। इस प्रकार चंदा माता मंदिर में साप्ताहिक भक्ति सत्संग के 300 भक्ति दिवस पूरे होने का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Tags: