चित्तौड़गढ़: पुलिस पर पथराव करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 9 वारदातें खुलीं
पारसोली थाना और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार, 4 नामजद। आरोपी के पास से 2 चोरी की बाइक बरामद, पूछताछ जारी।
पारसोली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबिश के दौरान पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य को नामजद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और रतनगढ़ क्षेत्र में चोरी-नकबजनी की 9 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में रात्रि के समय मकानों में होने वाली चोरी की वारदातों की रोकथाम के लिए डीएसटी टीम को निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंकित कुड़ी के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी पारसोली आशुतोष सिंह ने पुलिस टीम पर दबिश के दौरान पथराव करने के मामले तथा रात्रि के समय मकानों से चोरी-लूट की वारदातों के खुलासे के लिए थाना स्तर एवं जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) चित्तौड़गढ़ की विशेष टीम का गठन किया।
वारदातों के खुलासे के लिए गठित टीम ने अलग-अलग गांवों मंडावरी और मेघनिवास के पुराने जरायम पेशा लोगों से पूछताछ की। अलग-अलग थाना सर्कल से पुराना रिकॉर्ड प्राप्त कर संदिग्ध लोगों पर जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) ने लगातार नजर रखी। तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलीजेंस का उपयोग करते हुए 03 अक्टूबर 2026 को दबिश के दौरान पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा चार अन्य को नामजद किया गया। आरोपी के पास से बड़लियास और बिजौलियां से चोरी की गई 2 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की 9 वारदातें करना स्वीकार किया है। 3 अक्टूबर 2026 को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि विभिन्न जिलों में वांछित इनामी अभियुक्त दिलीप कंजर अपने साथियों के साथ गैंग बनाकर बड़ी वारदात करने जा रहा है। सूचना पर टीम ने काटूंदा मोड़ के पास जाल बिछाया और नजर रखी। इसी दौरान एक बाइक पर 2 संदिग्ध बिना नंबर की बाइक पर नजर आए। टीम द्वारा उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, तभी अपने अन्य साथियों के साथ आए इनामी दिलीप कंजर और अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और खेतों में भाग गए।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन रात का समय होने के कारण आरोपी खेतों में भाग गए। इसके बाद टीम ने लगातार पीछा करते हुए उक्त गिरोह के एक सदस्य को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने चार अन्य को नामजद किया है। गिरफ्तार मुल्जिम से पूछताछ में 9 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से चोरी की और भी वारदातों के खुलासा होने की संभावना है। प्रकरण का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार मुल्जिम विरु उर्फ वीरमल पिता गोपीलाल कंजर निवासी मंडावरी थाना बेगूं है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने साडास थाना सर्कल के एक गांव में शादी से एक माह पहले घर के पीछे की खिड़की निकालकर अंदर घुसने के बाद सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की वारदात कबूल की है। इसके अलावा हमीरगढ़ के पास एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए गए। बेगूं थाना सर्कल के गुणता गांव में मकान से टॉप्स, मादलिया, कान के लॉग और चांदी के जेवर चोरी किए गए।
करीब 6 माह पहले राजगढ़ में मकान के सामने से खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात की गई। बड़लियास, भीलवाड़ा के किशनपुरा से सोने का टॉप्स, रामनवली मंडलिया चोरी किए गए। बड़लियास से 20 किलोमीटर आगे भीलवाड़ा के पास एक गांव से नकदी चोरी की गई। बिजौलियां थाना सर्कल से एक बाइक सुपर स्पेंडर चोरी की गई। गेंदलियास थाना बड़लियास थाना से एक बाइक सीडी डिलेक्स चोरी की गई। इसके अलावा रतनगढ़ के पास जाट रोड स्थित एक मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी किए गए।
कार्रवाई में थाना पारसोली की ओर से थानाधिकारी आशुतोष सिंह, एएसआई भवानीसिंह, रामदयाल और कांस्टेबल रघुवीर शामिल रहे। जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) में टीम प्रभारी कांस्टेबल रामावतार के साथ कांस्टेबल दुर्गेश, ललितसिंह, बालकिशन, जोगेंद्र, हरीश, हेमराज, मुकेश, पदमकुमार, मनीष, साहील और राकेश शामिल रहे। पुलिस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।