तस्वीर में बोहेड़ा के खेल मैदान पर अधिकारी और शिक्षक तैयारियों का जायजा लेते दिखे।

बड़ीसादड़ी। बोहेड़ा में 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सोमवार को भूतबावजी खेल मैदान पर बैठक आयोजित हुई। प्रतियोगिता में जिलेभर से 800 से अधिक छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना को देखते हुए खेल मैदान, आवास, भोजन और पेयजल सहित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सीबीईओ जगदीश चंद्र धाकड़ के निर्देशन में आयोजित बैठक में जिला खेल अनुभाग प्रभारी जगदीश चंद्र खटीक का विशेष सानिध्य रहा। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। खटीक ने खेल मैदान, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर शारीरिक शिक्षकों से चर्चा की तथा प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

प्रतियोगिता प्रभारी शारीरिक शिक्षक कैलाश चंद्र मालू ने बताया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पायरों का खेड़ा के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता बोहेड़ा में भूतबावजी के समीप स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर होगी। खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी बोहेड़ा में ही की जाएगी।

शारीरिक शिक्षक पारस टेलर ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर से 800 से अधिक छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना है। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने को देखते हुए मैदान सहित आवास, भोजन, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक में प्रतियोगिता संयोजक सुभाष चन्द्र बुनकर, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान के जिला अध्यक्ष कैलाश चंद्र मालू सहित शारीरिक शिक्षक फिरोज मोहम्मद, बशीर मोहम्मद, नानालाल शर्मा, मुकेश कुमार मालू, देवीलाल मेनारिया, भीम सिंह राठौड़, नटवरलाल शर्मा, अशोक दाधीच, विक्रांत सिंह पंवार, धूलेश्वर डामोर, उदयसिंह रावत, जगदीश शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा एवं आदित्य गहलोत उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से पहले हुई समीक्षा बैठक में खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: