तस्वीर में मुंगाणा धाम पीठाधीश्वर महंत श्री अनुज दास जी महाराज नजर आ रहे हैं।

काकंरवा, 30 अगस्त। क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री सांवलिया धाम आश्रम मुंगाणा से चित्रकूट धाम के लिए एक आध्यात्मिक एवं गौरवपूर्ण यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है। श्री श्री 1008 मेवाड़ महामंडलेश्वर महंत श्री चेतन दास जी महाराज के कृपा पात्र शिष्य एवं मुंगाणा धाम पीठाधीश्वर महंत श्री अनुज दास जी महाराज के मुखारविंद से 30 अगस्त से 5 सितंबर तक पावन रामकथा का आयोजन किया जाएगा।

भगवान श्रीराम की दिव्य लीलास्थली चित्रकूट धाम में आयोजित होने वाली इस रामकथा में श्रद्धालुओं को रामचरित, भक्ति, संस्कार और धर्म की अमृतमयी कथा का रसपान कराया जाएगा। रामकथा के माध्यम से मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, वीरता, शक्ति और भक्ति की गाथा को देश-दुनिया तक पहुंचाने का विशेष प्रयास भी किया जाएगा।

इस दौरान मेवाड़ की पावन धरती से निकली भक्ति की परंपरा, संत-महात्माओं की तपस्या तथा भक्त शिरोमणि मीरा बाई की भक्ति और त्याग की अमर गाथा का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। चित्रकूट की पावन धरती पर मेवाड़ की शक्ति और भक्ति की गाथा गूंजने का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक रूप से विशेष रहेगा।

रामकथा के माध्यम से मेवाड़ की संस्कृति, सनातन परंपरा और भक्ति भावना को नई ऊर्जा एवं व्यापक पहचान देने का संदेश दिया जाएगा। महंत श्री अनुज दास जी महाराज के सान्निध्य में होने वाली इस कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को भी सभी भक्तों को सुनाया जाएगा। इस कथा के आयोजक बापजी किरण कुमार शर्मा, नसीराबाद वाले हैं। 30 अगस्त से 5 सितंबर तक चित्रकूट धाम में होने वाली यह रामकथा भगवान श्रीराम की भक्ति के साथ मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, इतिहास और भक्ति गाथा को श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत करेगी।

Tags: