कांकरवा: सेवा के 6 वर्ष पूरे होने पर हेडमास्टर ने कराया कृष्ण भोज
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मटूनिया के प्रधानाध्यापक प्रदीप मीना ने विशेष भोजन कराकर बच्चों के साथ खुशियां बांटी।
तस्वीर में विद्यालय के बरामदे में बैठकर भोजन करते विद्यार्थी और देखरेख करते शिक्षक दिख रहे हैं।
काकंरवा, 9 सितंबर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मटूनिया के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मीना ने राजकीय सेवा में प्रधानाध्यापक पद पर अपने छह वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए कृष्ण भोज का आयोजन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को मिड-डे मील के अंतर्गत विशेष भोजन के साथ मिष्ठान परोसा गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और प्रसन्नता के साथ कृष्ण भोज का आनंद लिया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मीना ने कहा कि राजकीय सेवा के छह वर्ष उनके लिए केवल सेवा अवधि पूर्ण होने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और विद्यालय के प्रति समर्पण की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उनके बेहतर भविष्य के लिए कार्य करना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति, सहयोग और सामूहिकता की भावना से जोड़ने के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। कृष्ण भोज का आयोजन भी इसी भावना के साथ विद्यार्थियों के बीच खुशी का अवसर साझा करने के उद्देश्य से किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक किशन लाल मीणा, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, रमेश चंद्र, मथुरा लाल गुर्जर, मुकेश चंद तिवारी, विनोद कुमार शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, प्रकाश चन्द्र मेनारिया और शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित विद्यालय परिवार ने प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मीना को राजकीय सेवा के छह वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएँ दीं तथा विद्यार्थियों के साथ इस खुशी के अवसर को साझा किया।