बड़ीसादड़ी नगरपालिका चुनाव में भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी ताकत, मतदाता की चुप्पी से बढ़ा सस्पेंस
बड़ीसादड़ी नगरपालिका चुनाव में भाजपा विकास और कांग्रेस भ्रष्टाचार-जिंक अपशिष्ट के मुद्दे पर मैदान में, मतदाताओं की चुप्पी से बढ़ा सस्पेंस।
बड़ीसादड़ी नगरपालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी रणनीति के अनुरूप पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के सहकारिता मंत्री गौतम दक जनता के बीच विकास का विजन लेकर वोट मांग रहे हैं, वहीं कांग्रेस के बद्रीलाल जगपुरा भ्रष्टाचार और जिंक अपशिष्ट को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता से समर्थन मांग रहे हैं।
दोनों दलों के प्रत्याशी मतदाताओं के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं, लेकिन मतदाता फिलहाल मौन है। कुछ कट्टर समर्थक जरूर अपनी-अपनी पार्टी की जीत के दावे कर रहे हैं, मगर मतदाता किसे वोट करेंगे, इसका अंदाजा लगाना अभी मीडिया के लिए भी मुश्किल हो रहा है।
चुनाव में मतदाताओं की यह चुप्पी राजनीतिक दलों के लिए भी चुनौती बनी हुई है। जब-जब मतदाता मौन रहता है, तब-तब चुनाव परिणाम चौंकाने वाले सामने आते हैं। ऐसे में बड़ीसादड़ी नगरपालिका में बोर्ड किसका बनेगा, इस पर अभी कुछ भी लिखना जल्दबाजी होगी।
हालांकि भाजपा नगरपालिका में बोर्ड बनने का दावा कर रही है। वहीं सट्टा बाजार में भी भाजपा की जीत पर सट्टा लगाने वाले तैयार बैठे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस अभी चुनावी समीकरणों को लेकर मंथन करने में लगी है।
फिलहाल दोनों प्रमुख दल अपने-अपने मुद्दों और रणनीतियों के साथ मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की खामोशी ने बड़ीसादड़ी नगरपालिका चुनाव के परिणाम को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।