तस्वीर में बड़ीसादड़ी के पिंड विद्यालय में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान बाएं से शिक्षक, भामाशाह कालूराम जाट और एक अन्य व्यक्ति नजर आ रहे हैं।

बड़ीसादड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिंड में चल रही 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए भामाशाहों का सहयोग लगातार मिल रहा है। इसी क्रम में उंठेल के युवा खेलप्रेमी एवं भामाशाह कालूराम जाट ने प्रतियोगिता के लिए एक लाख रुपए का नकद सहयोग प्रदान किया।

प्रतियोगिता संयोजक रजनीश पालीवाल ने बताया कि कालूराम जाट के कबड्डी मेट पर पहुंचने पर खिलाड़ियों और ग्रामवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। निर्णायक मंडल, सैकड़ों दर्शकों और खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।



मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश चंद्र धाकड़ ने कहा कि खेलप्रेमी एवं भामाशाह कालूराम जाट द्वारा खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए दिया गया एक लाख रुपए का सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के सपनों को संबल देने वाली प्रेरणादायी पहल है। ऐसे सहयोग से खेल आयोजनों को नई ऊर्जा मिलती है और खिलाड़ियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मजबूत होता है। समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में इसी तरह आगे आकर प्रतिभाओं का हाथ थामना चाहिए।

विद्यालय के रामेश्वर लाल लोहार और शांतिलाल ने बताया कि कालूराम जाट का सहयोग खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन की दिशा में सराहनीय पहल है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों एवं इससे जुड़े कार्मिकों के भोजन की व्यवस्था में भी क्षेत्र के भामाशाहों और ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। इसमें कालूराम जाट के साथ मिठूलाल जणवा, भंवरलाल बावरी, बाबू खां पठान, पंचायत के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, पिंड विद्यालय का स्टाफ तथा रामलाल गायरी सहित कई सहयोगी शामिल हैं। गांव के प्रत्येक परिवार की ओर से भी आयोजन में आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने कहा कि भामाशाहों का सहयोग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। खेलप्रेमी व भामाशाह कालूराम जाट का सहयोग खेलों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।

चार दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में 19 वर्षीय छात्र वर्ग की विभिन्न टीमों के 780 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कबड्डी मेट पर खिलाड़ी अपने कौशल, तकनीक और दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। महिलाएं भी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई कर रही हैं। पिंड विद्यालय का संपूर्ण परिवार खिलाड़ियों और निर्णायकों की सेवा में मुस्तैदी से लगा हुआ है। खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की तालियों से खेल मैदान का माहौल लगातार रोमांचक बना हुआ है।

मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की तालियां प्रतियोगिता में रोमांच भर रही हैं। वहीं, कालूराम जाट जैसे भामाशाहों का सहयोग यह संदेश दे रहा है कि प्रतिभा को अवसर और समाज का साथ मिले तो ग्रामीण अंचल से भी बड़ी खेल प्रतिभाएं सामने आ सकती हैं। खिलाड़ियों के लिए मिला यह सहयोग केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं, बल्कि उनके बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया गया उत्साहवर्धक कदम है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक भेरूलाल सालवी, मुख्य निर्णायक मिट्ठू लाल जाट, पर्यवेक्षक तेजपाल जणवा, प्रधानाचार्य पंकज डांगी, निर्णायक शंकर लाल जाट, बद्रीलाल गुर्जर, सुरेश चंद्र डांगी, रतनलाल डांगी, रतन लाल जाट, ओंकार लाल जाट, जगन्नाथ जाट, रामेश्वर लाल जाट व प्यार चंद सहित सैकड़ों ग्रामीण व खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Tags: