तस्वीर में बड़ी सादड़ी के केवल पुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित 'सेवा के संग राष्ट्र के संग' ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम के दौरान अधिकारी और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को केवल पुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ‘सेवा के संग राष्ट्र के संग’ नामक ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आमजन को राष्ट्र के मानक प्रतीक चिह्नों की जानकारी देने और उनके प्रति सम्मान की भावना जागृत करने पर जोर दिया गया।

भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में यह कार्यक्रम उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के निर्देशन में चल रहे हैं। कार्यक्रम में विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा, महिला बाल विकास विभाग से जयंत और राजीविका मिशन से किशन लाल मौजूद रहे।

अभियान के तहत बोरखेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर 19 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक शिविर भी चल रहा है। शिविर में एक मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित प्रकरण में मांगी लाल मोगिया पिता किशना के आवेदन का अधिकारियों ने हाथों-हाथ निस्तारण किया और लाभान्वित के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया।

इसके अलावा पालनहार के 190 लंबित प्रकरणों में से 15 प्रकरणों का आज निराकरण किया गया। पेंशन प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से रति चंद जी का खेड़ा निवासी मांगी लाल रावत के एक बेल के टूटे सींग के उपचार के लिए दवा दी गई।

चिकित्सा विभाग की ओर से नियमित आउटडोर के माध्यम से मौसमी दवाओं का वितरण किया गया। इस तरह अभियान के तहत आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं और लंबित प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई की गई।

Tags: