मुंबई के बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित स्टार एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 समारोह के मंच पर सम्मान प्राप्त करतीं हिन्द जिंक स्कूल चित्तौड़गढ़ की प्राचार्या डॉ. बिंदु नायर।

चित्तौड़गढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए हिन्द जिंक स्कूल, जिंक नगर को प्रतिष्ठित स्टार एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया है। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. बिंदु नायर को यह सम्मान बेस्ट स्कूल सीबीएसई बोर्ड चित्तौड़गढ़ श्रेणी में प्रदान किया गया। मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित समारोह में विद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई। इस आयोजन का संचालन ईएसएफई के सहयोग से द टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ किया गया।

हिन्द जिंक स्कूल लंबे समय से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुण विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाते हैं।

विद्यालय को इससे पहले भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों और विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता भी उल्लेखनीय है। हिन्द जिंक स्कूल को आईजीबीसी ग्रीन स्कूल प्लैटिनम प्रमाणपत्र प्राप्त है, जो पर्यावरण-अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और सतत विकास की दिशा में विद्यालय के प्रयासों को दर्शाता है।

स्टार एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित होने पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों, शिक्षकों की निष्ठा और विद्यार्थियों की निरंतर उपलब्धियों का प्रतीक है। इस सम्मान से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है और शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य में नए मानक स्थापित करने की प्रेरणा मिली है।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर विद्यालय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष आलोक रंजन, विद्यालय सचिव अमित सुराणा और अन्य पदाधिकारियों ने भी भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए बधाई दी। यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और पर्यावरण-अनुकूल शैक्षणिक वातावरण के लिए हिन्द जिंक स्कूल के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करता है।

Tags: