तस्वीर में घोंसुडी राजकीय विद्यालय परिसर में ग्रामीण भामाशाह और स्कूली छात्र हॉकी किट मिलने के बाद स्कूल के मुख्य द्वार पर नजर आ रहे हैं।

बस्सी। (प्रातकाल संवाददाता)। समीपवर्ती घोंसुडी राजकीय विद्यालय में खिलाड़ियों की मांग पर गांव के भामाशाहों ने हॉकी किट भेंट की। भामाशाहों ने आगे भी विद्यालय और खिलाड़ियों को सहयोग देने की घोषणा की। विद्यालय की टीम लगातार जीत दर्ज कर रही है और छात्र-छात्राएं मेहनत के दम पर खेल क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।

घोंसुडी विद्यालय के स्कूल मैदान में खिलाड़ी सुबह-शाम दोनों समय अभ्यास करते हैं और पसीना बहाकर अपने गांव का नाम रोशन कर रहे हैं। हॉकी किट नहीं होने के कारण खिलाड़ियों और स्कूल प्रशासन ने भामाशाहों से किट उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर गांव के देवेंद्र मीणा, भरत मीणा, रतनलाल मीणा, मथुरालाल जाट, मूलचंद बैरवा, किशन बैरवा आदि ने मिलकर आज स्कूल में हॉकी किट भेंट की। साथ ही आगे भी सहयोग करने की घोषणा की। विद्यालय स्टाफ ने सभी भामाशाहों का आभार प्रकट किया।



इधर, घोंसुडी राजकीय विद्यालय में पीटीआई असर के विद्यालय से नदारद रहने को लेकर गांव के लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पीटीआई महीने या दो महीने में एक बार नजर आते हैं। गांव के लोगों का कहना है कि पीटीआई राजनीति से जुड़े होने और प्रभावशाली होने के कारण अक्सर नदारद रहते हैं। स्कूल नहीं जाने से छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी भी परेशान हैं।

गांव के महिपाल सिंह अपने स्तर पर मेहनत कर छात्र-छात्राओं को अभ्यास करवाते हैं और उन्हें खेलों के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं। बच्चों को अपनी लगन से आगे बढ़ाने में जुटे महिपाल सिंह को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि पीटीआई टीम की जीत के बाद तस्वीरों में नजर आते हैं और वाहवाही लूटने में लगे रहते हैं।

घोंसुडी विद्यालय की टीम ने नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। क्षेत्र के लोगों ने भी महिपाल सिंह एवं छात्र-छात्राओं को बधाई दी और मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हॉकी किट मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहयोग मिलेगा, जबकि लगातार तीसरी जीत ने घोंसुडी विद्यालय की टीम के प्रदर्शन को और मजबूत पहचान दी है।

Tags: