चित्तौड़गढ़ में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में एकत्रित लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ में ट्रैवल्स बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को दिनभर हंगामे और गतिरोध की स्थिति बनी रही। मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने अस्पताल के शवगृह के बाहर प्रदर्शन कर आश्रितों को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। मामला बढ़ने पर कोतवाली थाने के बाहर धरना दिया गया और मार्ग पर जाम लगा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पावटा चौक निवासी अभिषेक पुत्र ओमप्रकाश प्रजापत गुरुवार रात बाइक से बस स्टैंड की तरफ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही श्रीनाथ ट्रैवल्स की बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से अभिषेक सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। अभिषेक घर से ही नक्शे बनाने का काम करता था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पीछे पत्नी, मां और दो छोटे बच्चे रह गए हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार और समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद वे रात में ही थाने पहुंचे थे, ताकि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा सके, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन्हें सुबह आने के लिए कह दिया। इससे परिवार और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

शुक्रवार सुबह से ही अस्पताल के शवगृह के बाहर बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस चालक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर बात नहीं बनने पर समाज के लोगों ने कोतवाली थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम खोला गया। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था भी काफी प्रभावित हुई।

बाद में पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया और दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया। दूसरी ओर, मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर गतिरोध जारी रहा। इसी बीच शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। हादसे के बाद बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर दिनभर विरोध-प्रदर्शन का दौर जारी रहा।

Tags: