नरसीं-मीरा जैसी भक्ति पर दौड़े चले आते हैं भगवान, संत दिग्विजयराम महाराज ने सुनाई मायरे की कथा
संत दिग्विजयराम महाराज ने मरमी गांव में कथा के समापन पर कहा कि सच्ची भक्ति से भगवान भक्तों की लाज रखते हैं।
व्यासपीठ पर बैठे संत दिग्विजयराम महाराज मरमी गांव में मायरा कथा के दौरान झांकी कलाकारों के साथ दिख रहे हैं।
संत दिग्विजयराम महाराज ने मीरा बाई की भक्ति का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि उनकी भक्ति इतनी प्रगाढ़ थी कि उन्हें दिया गया विष भी सांवलिया सेठ ने अमृत में बदल दिया। इसी तरह नरसीं भगत ने अपनी बेटी नानी बाई के ससुराल से आई मायरे के सामान की सूची और कंकुम पत्रिका ठाकुर जी को सौंप दी। इसके बाद वे संतों के साथ सवा मण गोपीचंदन और तुंबे लेकर बेटी के ससुराल पहुंच गए।
नरसीं भगत की स्थिति देखकर उनके समधि श्रीरंग जी ने उन्हें गांव के बाहर स्थित टूटी-फूटी झोंपड़ी में ठहरा दिया। नरसीं भगत ने इसे भी प्रभु की इच्छा मानकर स्वीकार कर लिया। इस प्रसंग के माध्यम से संत ने कहा कि मनुष्य को प्रतिकूल परिस्थितियों को हरि इच्छा और अनुकूल परिस्थितियों को हरि कृपा मानकर जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन्द्र का सिंहासन भी तीन लोक की फकीरी के सामने नतमस्तक हो गया था। प्रभु सेवा का अवसर प्राप्त करने वाले लोग सौभाग्यशाली होते हैं।
कथा में आगे संत ने बताया कि नरसीं भगत की बेटी नानी बाई को ससुराल पक्ष के लोगों के ताने सुनने पड़े। उनके देवर ने यहां तक कह दिया कि तुम्हारे पिता को देखकर तो हम लज्जित महसूस कर रहे हैं। ससुराल वालों की बातें सुनकर नानी बाई रोती-बिलखती अपने पिता से मिलने झोंपड़ी में पहुंची। उन्होंने नरसीं भगत से पूछा कि वे कितना मायरा लेकर आए हैं। नानी बाई ने दुख जताते हुए कहा कि जब भी वह कुछ कहती हैं, उनके पिता कीर्तन में व्यस्त हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आज उनकी मां जीवित होतीं तो उन्हें ऐसे दिन नहीं देखने पड़ते। पूर्व जन्म के पापों के कारण उन्हें ऐसा पिता मिला है।
नानी बाई का करुण क्रंदन सुनकर नरसीं भगत भी व्याकुल हो उठे। उन्होंने बेटी को वचन देते हुए कहा कि नानी, तुम अपने घर जाओ। अब या तो मेरे सांवलिया सेठ मायरा भरने आएंगे, नहीं तो संसार में मायरा भरने की रीत ही समाप्त हो जाएगी। संत ने इसे एक भक्त का अपने आराध्य के प्रति अटूट भरोसा बताया।
इसके बाद भक्त की पुकार सुनकर श्री सांवलिया सेठ राधा-रुकमणी को साथ लेकर सेठ का रूप धारण कर पहुंचे। उन्होंने छप्पन करोड़ रुपए का मायरा भरकर नरसीं भगत की लाज रखी। भगवान ने नानी बाई के ससुराल पक्ष के लोगों के सामने अपना परिचय नरसिंह भगत के मुनीम के रूप में दिया।
संत दिग्विजयराम महाराज ने कथा के दौरान कहा कि चित्तौड़ दुर्ग की प्राचीरें आज भी मीरा बाई के नाम को जागृत करती हैं। भक्ति के लिए चित्तौड़ को मीरां के रूप में जाना जाता है। नानी बाई का मायरा कथा के समापन पर नरसीं भगत और मीरा बाई के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धा, विश्वास और भगवान के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।