बड़ी सादड़ी पंचायत समिति कार्यालय के कंट्रोल रूम में स्वीप टीम के सदस्य फोन पर बात करते दिख रहे हैं।   

बड़ी सादड़ी में पंचायत आम चुनाव 2026 के मतदान से पहले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप टीम ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत प्रवासी मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत समिति मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से दिनभर फोन कर प्रवासी महिला एवं पुरुष मतदाताओं को मतदान के लिए आमंत्रित किया गया। टीम ने 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवंबर 2026 को सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।

स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान प्रवासी मतदाताओं से फोन के माध्यम से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए अंतिम आमंत्रण दिया गया। इस कार्य में रामेश्वर मेघवाल, शंभु किर, कैलाश रावत, सतपाल धाकड़ सहित टीम के अन्य सदस्यों ने दिनभर सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने प्रवासी महिला एवं पुरुष मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर और 16 नवंबर 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया।

इसके साथ ही स्वीप टीम बड़ी सादड़ी की ओर से वोट चौपाल के माध्यम से जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण महिला एवं पुरुष मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मतदाताओं को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। अभियान के दौरान मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नारेबाजी की गई और अधिक से अधिक लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने की अपील की गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में संचालित इस अभियान का आयोजन रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में किया गया। स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में टीम ने पूरे उपखंड क्षेत्र में मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं।

अभियान के तहत उपखंड क्षेत्र के सभी राजस्व गांवों, ढाणियों, मजरों और गली-मोहल्लों तक पहुंचकर विभिन्न वर्गों के मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसमें दिव्यांग मतदाताओं, महिला मतदाताओं, युवा मतदाताओं और बुजुर्ग मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाया गया। टीम ने 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो', 'वोट हमारी जिम्मेदारी', 'लोकतंत्र रूपी महापर्व को सफल बनाएं', 'वोट जरूर दें', 'ना नोट से, ना दारू से, वोट दें अपनी इच्छा से' जैसे नारों के माध्यम से स्वतंत्र एवं स्वैच्छिक मतदान का आह्वान किया।

पूरे अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और महिलाएं भी मौजूद रहीं। प्रवासी मतदाताओं से सीधे संपर्क, वोट चौपाल और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वीप टीम ने पंचायत आम चुनाव 2026 के दोनों मतदान दिवसों पर अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया।

Tags: