चित्तौड़गढ़ पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस को 35 में से 28 वार्डों में जीत
| कांग्रेस ने 7 पंचायत समितियों में बहुमत पाया और चित्तौड़गढ़ में बराबरी पर आरएलपी अहम रही, जबकि जिला प्रमुख व प्रधान चुनाव 25 और 27 नवंबर को होंगे।
चित्तौड़गढ़ पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद समर्थकों में उत्साह, 25 नवंबर को जिला प्रमुख चुनाव।
चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज चुनाव 2026 के परिणामों ने चित्तौड़गढ़ जिले की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को जिले में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है, जबकि कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण राजनीति में अपना दबदबा कायम कर लिया है। जिला परिषद के कुल 35 वार्डों में से कांग्रेस ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज 7 सीटों पर सिमट गई। इस प्रचंड बहुमत के साथ चित्तौड़गढ़ जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस का काबिज होना लगभग तय माना जा रहा है।
जिला परिषद के साथ जिले की 11 पंचायत समितियों के परिणामों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। घोषित नतीजों के अनुसार कांग्रेस 7 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत हासिल कर प्रधान बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। भाजपा को केवल 3 पंचायत समितियों में बढ़त मिली है, जबकि चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। यहां कांग्रेस और भाजपा को 14-14 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में गई। ऐसे में आरएलपी सदस्य की भूमिका प्रधान के चुनाव में निर्णायक हो गई है।
मंत्री और पूर्व मंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा को झटका
चुनाव परिणामों का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश भाजपा के दिग्गज नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी की हार के रूप में सामने आया है। प्रदेश के सहकारिता मंत्री गौतम दक के प्रभाव वाले बड़ीसादड़ी और डूंगला में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दी। वहीं, पूर्व यूडीएच मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीचंद कृपलानी के गढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर भाजपा खेमे को बड़ा झटका दिया।
भाजपा को संगठनात्मक स्तर पर भी नुकसान उठाना पड़ा। जिला परिषद चुनाव में पार्टी के वर्तमान जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष के परिजनों को हार का सामना करना पड़ा। इन परिणामों को स्थानीय नेतृत्व के प्रति ग्रामीण मतदाताओं की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजनीतिक परिवारों के चेहरों की जीत-हार बनी चर्चा का विषय
जिला परिषद चुनाव में कई बड़े राजनीतिक चेहरों के परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर थी। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जिला परिषद के वार्ड संख्या 16 से 3592 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरी ओर, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी की बेटी सीमा गाडरी वार्ड संख्या 4 से 2563 मतों से चुनाव हार गईं।
पूर्व भूमि विकास बैंक के चेयरमैन कमलेश पुरोहित और भाजपा नेता की पत्नी रति पुरोहित को भी वार्ड संख्या 5 से हार का सामना करना पड़ा। वह 320 मतों से चुनाव हार गईं। वहीं, वार्ड संख्या 10 में पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट की पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट ने 1425 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने कपासन प्रधान मोहब्बत सिंह की बहू एवं भाजपा प्रत्याशी भावना राणावत को पराजित किया।
भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के पीछे राजनीतिक विश्लेषण में कई कारणों की चर्चा हो रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार के लगभग तीन वर्ष पूरे होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने को लेकर असंतोष की बात सामने आई है। इसके अलावा पार्टी में परिवारवाद को बढ़ावा मिलने और लंबे समय से संगठन में काम कर रहे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को भी हार की वजहों में शामिल माना जा रहा है।
बद्रीलाल जाट की चुनावी रणनीति ने बदली बड़ीसादड़ी और डूंगला की तस्वीर
जिले की पंचायतीराज राजनीति में हुए इस बड़े उलटफेर के पीछे कांग्रेस नेता और बड़ीसादड़ी विधानसभा प्रत्याशी रहे बद्रीलाल जाट जगपुरा की सक्रियता और चुनावी रणनीति भी चर्चा में है। सहकारिता मंत्री गौतम दक के प्रभाव वाले क्षेत्र में कांग्रेस ने बड़ीसादड़ी और डूंगला दोनों पंचायत समितियों पर कब्जा जमाकर भाजपा को चुनौती दी है। इससे पहले निकाय चुनावों में भी कांग्रेस ने इन क्षेत्रों में अपना दमखम दिखाया था।
बद्रीलाल जाट ने चुनाव अभियान के दौरान बड़ीसादड़ी और डूंगला क्षेत्र के गांव-गांव में जनसंपर्क किया और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा। उनकी रणनीति के परिणामस्वरूप दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला। जिला परिषद के वार्डों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 10 से बद्रीलाल जाट की पत्नी रतनी देवी ने भाजपा प्रत्याशी भावना को पराजित कर 9,141 मत प्राप्त करते हुए जीत दर्ज की। चुनाव अभियान के दौरान बद्रीलाल जाट लगातार सक्रिय रहे और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इनमें अफीम किसानों का मुद्दा प्रमुख रहा। उन्होंने इस विषय को लगातार उठाकर कांग्रेस के प्रमुख चेहरे के रूप में अपनी भूमिका निभाई। भाजपा में परिवारवाद को बढ़ावा मिलने और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को भी पार्टी के कमजोर प्रदर्शन का एक कारण माना जा रहा है।
रतनी देवी की जिला प्रमुख पद के लिए दावेदारी सबसे मजबूत
जिला परिषद में कांग्रेस को 35 में से 28 सीटों का स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वार्ड संख्या 10 से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य रतनी देवी को इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। चुनाव में बद्रीलाल जाट की अहम भूमिका, बड़ीसादड़ी और डूंगला में कांग्रेस की सफलता तथा पार्टी आलाकमान के भरोसे को देखते हुए रतनी देवी का चित्तौड़गढ़ जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है।
उनकी जीत और संभावित ताजपोशी को लेकर बड़ीसादड़ी और डूंगला सहित पूरे जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस के लिए पंचायत चुनावों का यह परिणाम राजनीतिक संजीवनी के रूप में सामने आया है।
जिला परिषद के सभी 35 वार्डों के परिणाम
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के 35 वार्डों में कांग्रेस ने 28 और भाजपा ने 7 सीटों पर जीत हासिल की। वार्ड संख्या 1 से कांग्रेस की मनीषा, वार्ड 2 से कांग्रेस के घनश्याम, वार्ड 3 से भाजपा की अरुणा कंवर, वार्ड 4 से कांग्रेस के मदन, वार्ड 5 से कांग्रेस की रानी, वार्ड 6 से कांग्रेस के अंबालाल शर्मा, वार्ड 7 से कांग्रेस की गीता देवी और वार्ड 8 से कांग्रेस के प्रकाश चंद्र विजयी रहे।
इसी तरह वार्ड 9 से कांग्रेस के शंकरलाल गाडरी, वार्ड 10 से कांग्रेस की रतनी देवी, वार्ड 11 से कांग्रेस की चंदा बाई धाकड़, वार्ड 12 से कांग्रेस की मंदोदरी धाकड़, वार्ड 13 से कांग्रेस के देवीलाल बैरवा, वार्ड 14 से भाजपा की तुलसी बाई, वार्ड 15 से भाजपा की चंदरी बाई और वार्ड 16 से भाजपा की सुशीला कंवर ने जीत दर्ज की।
वार्ड 17 से कांग्रेस की पिंटू जाट, वार्ड 18 से कांग्रेस के बाबूलाल रेगर, वार्ड 19 से कांग्रेस के नंदलाल भील, वार्ड 20 से कांग्रेस के रामेश्वर लाल धाकड़, वार्ड 21 से कांग्रेस की मंजू देवी जागेटिया, वार्ड 22 से कांग्रेस के कमलेश कुमार खंडेलवाल, वार्ड 23 से कांग्रेस के ललित कुमार और वार्ड 24 से कांग्रेस के लक्ष्मी लाल विजयी हुए।
वार्ड 25 से कांग्रेस की राजी, वार्ड 26 से कांग्रेस के हीरालाल, वार्ड 27 से कांग्रेस के प्रकाश चंद्र मीणा, वार्ड 28 से भाजपा की लाली, वार्ड 29 से कांग्रेस की कन्या, वार्ड 30 से कांग्रेस की कमला बाई धाकड़, वार्ड 31 से कांग्रेस के देवीलाल, वार्ड 32 से कांग्रेस की रामकन्या धाकड़, वार्ड 33 से भाजपा की शालिनी देवी, वार्ड 34 से भाजपा की लक्ष्मी कंवर और वार्ड 35 से कांग्रेस के शंकरलाल ने जीत हासिल की।
कन्या की सबसे बड़ी जीत, प्रकाश चंद्र मीणा सबसे कम अंतर से विजयी
जिला परिषद के चुनाव में वार्ड संख्या 29 से कांग्रेस प्रत्याशी कन्या ने जिले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 14 हजार 882 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रामकन्या कुमारी भील को 10 हजार 30 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कन्या ने 4 हजार 846 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
वहीं, वार्ड संख्या 27 में कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चंद्र मीणा और भाजपा के शंकर सिंह के बीच बेहद करीबी मुकाबला हुआ। प्रकाश चंद्र मीणा को 9,232 और शंकर सिंह को 9,173 मत मिले। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने महज 59 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जो जिले में सबसे कम जीत का अंतर रहा।
वार्ड संख्या 20 में कांग्रेस के रामेश्वरलाल धाकड़ ने भाजपा के शिवनारायण धाकड़ को 4,313 मतों से हराया। वार्ड संख्या 34 में भाजपा की छोटू कंवर ने कांग्रेस की लक्ष्मी कंवर को 4,109 मतों से पराजित किया। वार्ड संख्या 22 में कांग्रेस के कमलेश ने भाजपा के चंद्रशेखर को 3,812 मतों से हराया। वार्ड संख्या 16 में भाजपा की सुशीला कंवर ने कांग्रेस की कैलाश कंवर को 3,592 मतों से पराजित किया।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस-भाजपा बराबरी पर, आरएलपी की भूमिका अहम
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के 29 वार्डों के परिणाम सबसे रोचक रहे। यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों को 14-14 सीटों पर जीत मिली, जबकि एक सीट आरएलपी के खाते में गई। इस तरह प्रधान पद के चुनाव में आरएलपी सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
वार्ड संख्या 1 से भाजपा के ओमप्रकाश, वार्ड 2 से भाजपा की ऐश्वर्या शर्मा, वार्ड 3 से कांग्रेस के मदन, वार्ड 4 से भाजपा की रचना खोईवाल, वार्ड 5 से भाजपा के श्यामलाल और वार्ड 6 से भाजपा के कमलेश विजयी हुए।
वार्ड 7 से कांग्रेस के किशन, वार्ड 8 से भाजपा के देवेंद्र सिंह राठौड़, वार्ड 9 से कांग्रेस के मुन्ना, वार्ड 10 से कांग्रेस के हजारीलाल, वार्ड 11 से कांग्रेस की कृष्णा मीणा, वार्ड 12 से भाजपा के भंवानी शंकर शर्मा, वार्ड 13 से कांग्रेस की मरूधर कुंवर और वार्ड 14 से भाजपा की बेनी बाई ने जीत दर्ज की।
वार्ड 15 से कांग्रेस के चरण सिंह, वार्ड 16 से कांग्रेस की भंवर कंवर, वार्ड 17 से भाजपा के भंवर सिंह, वार्ड 18 से कांग्रेस के रविराज सिंह, वार्ड 19 से भाजपा की रेखा देवी, वार्ड 20 से भाजपा की रूकमा बाई, वार्ड 21 से कांग्रेस के राधे श्याम, वार्ड 22 से कांग्रेस के रामलाल, वार्ड 23 से भाजपा की विष्णु कंवर और वार्ड 24 से आरएलपी की शंकरी विजयी रहीं।
इसी प्रकार वार्ड 25 से भाजपा के कालूलाल, वार्ड 26 से कांग्रेस की ज्योति देवी, वार्ड 27 से कांग्रेस की महेंद्र देवी, वार्ड 28 से भाजपा के नारायण और वार्ड 29 से भाजपा की संजू बाई ने जीत हासिल की।
अन्य पंचायत समितियों में भी घोषित हुए परिणाम
जिले की अन्य पंचायत समितियों के परिणामों में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निम्बाहेड़ा पंचायत समिति के 23 वार्डों में से कांग्रेस ने 18 और भाजपा ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की। भदेसर पंचायत समिति के 19 वार्डों में कांग्रेस को 7 और भाजपा को 12 सीटें मिलीं।
बड़ीसादड़ी पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 14 और भाजपा ने 3 सीटों पर जीत हासिल की। कपासन पंचायत समिति के 15 वार्डों में कांग्रेस को 11 और भाजपा को 4 सीटें मिलीं। डूंगला पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 11 और भाजपा ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया।
गंगरार पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस को 8 और भाजपा को 9 सीटें मिलीं। राशमी पंचायत समिति के 15 वार्डों में कांग्रेस ने 7 और भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की। बेंगू पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस को 9 और भाजपा को 8 सीटें मिलीं।
भूपालसागर पंचायत समिति के 15 वार्डों में कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 5 और आरएलपी प्रत्याशी ने एक सीट पर जीत हासिल की। भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति के 15 वार्डों में भी कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 5 और आरएलपी प्रत्याशी ने एक सीट पर विजय प्राप्त की।
25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान पदों के चुनाव
राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद चित्तौड़गढ़ जैसे मजबूत राजनीतिक क्षेत्र में पार्टी की यह हार संगठन और सरकार की कार्यप्रणाली के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने जिला परिषद में प्रचंड बहुमत और पंचायत समितियों में मजबूत प्रदर्शन के साथ अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूती दी है।
अब जिले की राजनीति का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव होंगे। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को और प्रधान पदों के चुनाव 27 नवंबर को होने हैं। जिला परिषद में कांग्रेस का बहुमत होने के कारण जिला प्रमुख पद पर पार्टी की दावेदारी मजबूत है, जबकि चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा के बराबर सीटों पर रुकने के बाद आरएलपी सदस्य की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हैं। ऐसे में आगामी चुनावों में जिले की ग्रामीण सत्ता की अंतिम तस्वीर साफ होगी।