चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया संयंत्र में गैस रिसाव से निपटने के लिए NDRF और टीमों ने मॉक ड्रिल की। 

चित्तौड़गढ़। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की छठी बटालियन के साथ व्यापक संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास में ध्वस्त संरचना में फंसे लोगों को निकालने और सल्फर डाइऑक्साइड गैस रिसाव जैसी गंभीर आपदा परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया गया। इसमें जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

मॉक ड्रिल के दौरान दो प्रमुख आपदा परिदृश्य तैयार किए गए। इनमें ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव अभियान तथा सल्फर डाइऑक्साइड गैस रिसाव की स्थिति शामिल रही। आपदा की सूचना मिलते ही हिंदुस्तान जिंक की फायर एवं रेस्क्यू टीम, NDRF के जवानों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी की।

इसके बाद आधुनिक बचाव उपकरणों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, गैस रिसाव को नियंत्रित करने और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। पूरे अभ्यास के दौरान विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव गतिविधियों को अंजाम दिया।

NDRF की छठी बटालियन की ओर से असिस्टेंट कमांडेंट योगेश मीणा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सोनाली और इंस्पेक्टर सागर कुल्हारी ने अपनी टीम के साथ अभ्यास में हिस्सा लिया और बचाव तकनीकों का नेतृत्व किया।

हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की ओर से लोकेशन हेड विवेक यादव, यूनिट हेड पुष्पेंद्र मीणा, डिप्टी यूनिट हेड मुरुगन मणि, इंजीनियरिंग हेड राकेश दुर्गावत, HZL सेफ्टी हेड विजय गोयल और सेफ्टी ऑफिसर अभिषेक कोठारी मौजूद रहे। इनके अलावा CLZS चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर जी. मल्लेशम, फायर ऑफिसर विनय, इमरजेंसी कोऑर्डिनेटर तथा अश्विनी भट्ट की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से नायब तहसीलदार सोनिया आमेरिया, गंगरार पुलिस थाने के एसएसआई चन्दर सिंह सहित पुलिस टीम ने भाग लिया।

अभ्यास के समापन पर सभी संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से डीब्रीफिंग की। इस दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की दक्षता और विभिन्न टीमों के बीच स्थापित बेहतर तालमेल की सराहना की गई। संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, खोज एवं बचाव कार्यों और विभिन्न विभागों के समन्वय की तैयारियों का आकलन किया गया।

Tags: