चित्तौड़गढ़: निकुंभ में मोबाइल दुकान पर पुलिस का छापा, 20 लाख के मादक पदार्थ जब्त
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुकान संचालक और सहयोगी को गिरफ्तार कर एमडीए पाउडर, अफीम और 1.08 लाख रुपये नकद बरामद किए।
निम्बाहेड़ा। निकुंभ थाना पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निकुंभ चौराहा स्थित आशा मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर दबिश दी। पुलिस ने दुकान के काउंटर की दराज और दुकान के पीछे स्थित मकान के कमरे से 187 ग्राम एमडीए पाउडर, 392 ग्राम अवैध अफीम, गांजा, 1,08,000 रुपये नकद तथा अन्य सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक अनिल मेनारिया और उसके सहयोगी पंकज मेघवाल को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज, उदयपुर द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अधिकाधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृताधिकारी बडीसादड़ी हरिश चंद्र सिंह के निकटतम सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
16 सितंबर 2026 की शाम मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर थानाधिकारी निकुंभ प्रभुसिंह चुण्डावत मय जाप्ता तथा डीएसटी टीम के भुपेन्द्र सिंह मय जाप्ता ने निकुंभ चौराहा स्थित आशा मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर की दराज तथा दुकान के पीछे मकान के कमरे से 187 ग्राम एमडीए पाउडर, 392 ग्राम अवैध अफीम, गांजा, 1,08,000 रुपये नकद एवं अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने दुकान संचालक अनिल मेनारिया तथा उसके सहयोगी पंकज मेघवाल को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से बरामद एमडीए पाउडर, गांजा एवं अफीम की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल मेनारिया पुत्र शांतिलाल मेनारिया, उम्र 41 साल, निवासी निकुंभ तथा पंकज मेघवाल पुत्र पुरण मेघवाल, उम्र 22 साल, निवासी खरदेवला, पुलिस थाना बडीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से बरामद मादक पदार्थों के सप्लायर तथा खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना निकुंभ की टीम से थानाधिकारी प्रभु सिंह, एएसआई सुरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल सूर्यपाल सिंह, संदीप, नगजीराम और विजेश कुमार शामिल रहे। डीएसटी टीम में एएसआई भुपेन्द्र सिंह, हैडकानि राजदीप सिंह, कांस्टेबल विक्रम, दीपक कुमार, विजय कुमार तथा डीएसटी दुर्गाराम शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस अब मादक पदार्थों की सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।