चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि डांडिया महोत्सव की शुरुआत, जयकारा कार्यक्रम में होगी भजन क्लबिंग
श्रीनाथ गार्डन और भरत बाग में घट स्थापना के साथ डांडिया महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें भजन क्लबिंग संध्या और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
चित्तौड़गढ़ के श्रीनाथ गार्डन में आयोजित 'जयकारा' डांडिया महोत्सव का युवा संत दिग्विजय राम, समिति अध्यक्ष अनंत समदानी व अन्य अतिथियों द्वारा मौली बंधन खोलकर शुभारंभ करते हुए।
चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि के आगाज के साथ ही डांडिया महोत्सवों में भक्ति, संगीत और उत्साह का रंग छा गया है। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव ‘जयकारा’ के पहले ही दिन बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। वहीं, भरत बाग में मेवाड़ महोत्सव संस्थान की ओर से आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि डांडिया महोत्सव में भी पहले दिन उत्साह देखने को मिला। जयकारा महोत्सव में आज राजस्थान की पहली भव्य भजन क्लबिंग संध्या आयोजित होगी, जबकि भरत बाग में प्रिंस-प्रिंसेस डांडिया प्रतियोगिता होगी।
श्रीनाथ गार्डन में जयकारा महोत्सव के तहत माता की घट स्थापना पंडित अनिल शर्मा के निर्देशन में अनुराग द्विवेदी, गोपाल भूतड़ा, गोपाल पोरवाल, यश टेलर, महेंद्र राजावत, आशा पोखरना और रेखा समदानी ने विधि-विधान से की। पहले दिन युवा संत दिग्विजय राम, पार्षद भोलाराम प्रजापत, समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, संरक्षक आशा पोखरना, सचिव लीला आगाल, भामाशाह ललित काबरा और अशोक काबरा ने मौली बंधन खोलकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
नवरात्रि के पहले दिन ही आयोजन स्थल पर डांडिया की खनक, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान और माता की भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं, युवतियों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। गुजराती गीत ‘तारा बिना श्याम’ के बोल संगीत में गूंजते ही युवाओं की ताल और डांडिया की खनक से पूरा माहौल उत्सवी हो गया।
सांसद सीपी जोशी की प्रेरणा से आज राजस्थान की पहली भव्य भजन क्लबिंग संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें साधु लाइव बैंड, भजन लोक कलाकार छोटू सिंह रावणा और मशहूर फिल्म ‘हनुमान’ अंश के कलाकारों की पूरी टीम भव्य प्रस्तुति देगी। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन 10 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। विभिन्न क्षेत्रों से युवाओं की टोलियां इस आयोजन में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा और बैठक व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।
इस आयोजन में सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, श्रीचंद कृपलानी, सहकारिता मंत्री गौतम दक, अर्जुन जीनगर और डॉ. सुरेश धाकड़ सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम जैन जी अल्फा को अध्यात्म से जोड़ने वाला ऐतिहासिक आयोजन होगा। युवाओं में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभापति अनिल ईनाणी, सुशील शर्मा, प्रवीण सिंह राठौड़, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह राठौड़, गौरव त्यागी, कमलेश पुरोहित, शैलेंद्र झंवर, अविनाश शर्मा, प्रदीप काबरा, बलजीत सिंह सोनी, सन्नी सुखवाल, हिमांशु जाजू, यश टेलर, अनुराग बांगड़, विकास गंगवाल, प्रिंस शर्मा, अभिमन्यु महेश्वरी, अभिषेक व्यास, अभिषेक मूंदड़ा, गोपाल पोरवाल, बंटी शर्मा और आयुष माहेश्वरी सहित अन्य कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
दूसरी ओर, भरत बाग में मेवाड़ महोत्सव संस्थान की ओर से आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि डांडिया महोत्सव का शुभारंभ माता की घट स्थापना और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडित सिद्धांत शर्मा के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पहले दिन ही आयोजन स्थल पर भक्ति, संगीत और उत्साह का माहौल बना रहा। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों, महिलाओं, युवतियों और युवाओं ने डांडिया की धुन पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।
संस्थान के अध्यक्ष प्रदीप काबरा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पार्षद भोलाराम प्रजापत, अर्जुन मूंदड़ा, दिलीप नंदावात, भरत डंग, संयोजक शैलेंद्र सिंह चुंडावत और गौतम विजयवर्गीय ने मौली बंधन खोलकर किया। पहले दिन महिलाओं, युवतियों, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों में गुजराती गीतों की धुन पर डांडिया खेला। संगीत की ताल, डांडिया की खनक और माता की महाआरती ने आयोजन को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बनाया। देर तक आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा।
महोत्सव के तहत आज प्रिंस एवं प्रिंसेस डांडिया प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 10 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति तैयारियों में जुटी है। नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चित्तौड़गढ़ में दोनों आयोजनों के जरिए नवरात्रि के उत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और युवा सहभागिता को प्रमुखता मिल रही है।