चित्तौड़गढ़ के गांधी नगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन में आयोजित समापन समारोह के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए समाजजन।

चित्तौड़गढ़ में श्री अग्रसेन जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान श्री अग्रसेन का 5150वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के जयघोष, बैंड की स्वर लहरियों और सजे-धजे घोड़ों के बीच अग्रवाल समाज का उत्साह देखते ही बना। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने भागीदारी निभाकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।

शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन और माता माधवी की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण रही। सुसज्जित घोड़ों, बैंड की धुनों और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

शोभायात्रा के दौरान गोल प्याऊ पर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां ‘हम अग्रसेन के वंशज, आगे ही बढ़ते जाएंगे’ गीत की धुन पर समाजजन झूम उठे। सामूहिक नृत्य में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। गीतों और जयघोष के बीच समाज की एकजुटता और सामूहिक गौरव की झलक दिखाई दी।

इससे पहले जयंती महोत्सव का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ हुआ। समाजजनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। महोत्सव के अंतर्गत बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के 0 से 2 वर्ष आयु वर्ग में मृद्वी अग्रवाल तथा नर्सरी और यूकेजी वर्ग में अर्णिका गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 3 वर्ग में निवांशी अग्रवाल, कक्षा 4 से 6 वर्ग में महित अग्रवाल, कक्षा 7 से 9 वर्ग में अंग्रांश अग्रवाल और कक्षा 10 से कॉलेज वर्ग में अनन्या अग्रवाल प्रथम रहीं। महिला एकल नृत्य में समता अग्रवाल तथा महिला युगल नृत्य में नेहा व रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया।

मनोरंजक प्रतियोगिताओं में वस्तु पहचान में मिष्का अग्रवाल, गेंद एकत्रित करने में अर्णिका गुप्ता, मेमोरी गेम में जागृति अग्रवाल, पासिंग द बॉल में सिद्धि अग्रवाल, जंप ओवर में चार्वी अग्रवाल, मैच स्टिक में रेवा अग्रवाल, बोतल रेस विद म्यूजिक में रिद्धि अग्रवाल, मैनेज विद सेल्फी में सारांश बंसल तथा पेपर डांस एवं टाइटल सॉन्ग में सौम्य अग्रवाल प्रथम रहे।

महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं में ‘इसकी माला उसके सिर’ में राशि अग्रवाल, वन मिनट गेम में राधा अग्रवाल, पूजा थाली डेकोरेशन में लता अग्रवाल और हेयर स्टाइलिंग में रिया अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। युगल डिस्पोजल अरेंजमेंट प्रतियोगिता में धीरज व राशि अग्रवाल विजेता रहे।

60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता में बसंत अग्रवाल और गलत जवाब देने की प्रतियोगिता में नेमीचंद अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरप्राइज गणगौर गिफ्ट प्रतियोगिता में आभा, सुरेन्द्र अग्रवाल, समता और दीपक अग्रवाल विजेता रहे।

शाम को गांधी नगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन में समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही अग्रवाल समाज विकास संस्था एवं महिला मंडल की नवीनतम कार्यकारिणी का अभिनंदन किया गया। पूरे आयोजन में महाराजा अग्रसेन के समानता, सेवा, सहयोग और सद्भाव के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

Tags: