निम्बाहेड़ा: मदर्स क्रिकेट क्लब ने जीता नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब
डॉ. 11 ढोरिया को फाइनल मुकाबले में हराकर मदर्स क्रिकेट क्लब ने छह दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।
निम्बाहेड़ा में नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते मदर्स क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी।
निम्बाहेड़ा। मदर्स क्रिकेट क्लब ने छह दिवसीय नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉ. 11 ढोरिया को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए मुकाबले में मदर्स के गेंदबाजों ने डॉ. 11 ढोरिया को 78 रन पर रोक दिया, जबकि कप्तान रुस्तम की तूफानी पारी की बदौलत टीम ने महज 5.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला गया।
सेहर 11 के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में मदर्स क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सेहर 11 को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। सेहर 11 ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मदर्स क्रिकेट क्लब की ओर से सलामी बल्लेबाज वसीम छीपा ने 27 गेंदों में 51 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, कप्तान रुस्तम ने महज आठ गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। टीम ने 8.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वसीम छीपा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबले में मदर्स क्रिकेट क्लब और डॉ. 11 ढोरिया आमने-सामने थे। मदर्स क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। टूर्नामेंट की मजबूत टीम मानी जा रही डॉ. 11 ढोरिया के बल्लेबाज मदर्स के गेंदबाजों के सामने खुलकर नहीं खेल सके। कसी हुई गेंदबाजी के दम पर मदर्स ने डॉ. 11 ढोरिया को निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 78 रन पर रोक दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मदर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। वसीम छीपा ने 12 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि कप्तान रुस्तम ने महज 18 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेली। टीम ने 5.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए कप्तान रुस्तम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। ड्रीम 11 निम्बाहेड़ा के AB राहुल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, करथाना के कन्हैया लाल को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और मंडला के राज सिंह चारण को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया। मांगरोल के रुस्तम को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।
प्रतियोगिता के समापन पर मदर्स क्रिकेट क्लब के ऑनर शकील अहमद ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कमेटी सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए अनूठी पहल की। विजेता और उपविजेता टीमों को इनामी राशि के चेक कमेटी सदस्यों के हाथों से दिलवाए गए। इस पहल के जरिए आयोजन में सहयोग देने वाली टीम के योगदान और मेहनत को सम्मान दिया गया।
समापन समारोह में समाजसेवी कमलेश ढेलावत, जिला चिकित्सालय निम्बाहेड़ा के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंसूर खान, कलाम एजुकेशन सोसायटी के अशरफ मेव, समाजसेवी मोहसिन खान एवं जमील खान अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने टॉस करवाया, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
मदर्स क्रिकेट क्लब की ओर से शोयब छीपा, अरकम खान, सोहेल खान, सोहेल अंसारी, राजू माहेश्वरी, निक्कू पंवार, ऋतिक एवं अरशद खान ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में क्लब के ऑनर शकील अहमद ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।