कारगिल विजय दिवस पर चित्तौड़गढ़ में शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों के बलिदान को किया नमन
चित्तौड़गढ़ में कारगिल विजय दिवस पर श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ और महाराणा प्रताप सेवा समिति ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर सैनिकों के बलिदान को नमन किया।
चित्तौड़गढ़ के शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एकत्र हुए कार्यकर्ता और स्थानीय लोग।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चित्तौड़गढ़ में श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ एवं महाराणा प्रताप सेवा समिति की ओर से शहीद स्मारक पर पुष्पमाला अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के तहत सभी कार्यकर्ता महाराणा प्रताप सर्कल पहुंचे, जहां कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों के बीच शहीदों के सम्मान में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विपराज सिंह राणावत, शक्ति सिंह, गौतम सिंह, विशाल, अजय और अमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के प्रति सम्मान और उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए किया गया।