तस्वीर में राजस्थान शिक्षक संघ के बैनर के आगे टेबल पर बैठे लोग दिखाई दे रहे हैं।

बस्सी, 18 सितंबर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बस्सी खेड़ा में शुक्रवार को राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत का शिक्षक सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में संगठन के प्रदेश संरक्षक सत्यनारायण ओझा ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक कर्तव्यनिष्ठ रहते हुए अपने अधिकारों के प्रति भी सजग रहें।

ओझा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शैक्षिक नवाचारों पर चिंतन करते हुए संगठन के प्रमुख ध्येय शिक्षक, शिक्षा व शिक्षार्थियों के हितार्थ प्रतिबद्धता व्यक्त की।

संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री एवं प्रधानाध्यापक नरेश चंद्र मेवाड़ा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए मांग पत्र संगठन के संस्थापक त्रिलोक सिंह एवं प्रदेशाध्यक्ष जयराम को जयपुर भिजवाने का संकल्प दोहराया।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राधेश्याम खटीक ने संगठन की रीति-नीति पर चर्चा की और संगठनात्मक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि संगठन एक साधना है, उसके लिए त्याग और समर्पण परम आवश्यक है।

सम्मेलन में पूर्व चित्तौड़गढ़ उपशाखा अध्यक्ष महेश कुमार त्रिपाठी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में ही शक्ति है। शिक्षक अब्दुल रशीद कुरेशी और शरीफुद्दीन कुरेशी ने भी सम्मेलन में अपने विचार व्यक्त किए। अंत में आभार की रस्म उपशाखा अध्यक्ष गोपीलाल रेगर ने अदा की।

सम्मेलन में शिक्षकों के कर्तव्य, अधिकार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक नवाचारों और संगठन के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर विचार रखे गए।

Tags: