चित्तौड़गढ़: पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी ने लगाया रक्तदान शिविर
सांसद सीपी जोशी और जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की।
चित्तौड़गढ़ में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान अस्पताल में उपस्थित भाजपा नेता और कार्यकर्ता।
चित्तौड़गढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सेवा, समर्पण और जनसेवा के भाव से आयोजित इस शिविर में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर का शुभारंभ सांसद सी.पी. जोशी ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने रक्तदान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प से जुड़ा रहा है। उनके जन्मदिवस पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।
जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना भाजपा की सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों को दर्शाता है।
विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या रक्तदान शिविर में पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के रूप में मनाने की पहल की सराहना की।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर इसी अभियान की श्रृंखला का कार्यक्रम है। शिविर में कार्यकर्ताओं ने सेवा भावना के साथ सहभागिता करते हुए समाज और राष्ट्रहित में निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया। कार्यक्रम में मिठ्ठुलाल जाट, बद्रीलाल जाट, रघु शर्मा, हर्षवधन सिंह, मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी, अनिल सुखवाल, कार्यक्रम संयोजक सुभाष शर्मा, सुधीर जैन, मनोज पारीक, नंद किशोर लोहार, आशीष सिकलीगर, तारावती धाकड़, शुभम सुखवाल, रेखा रानी तिवारी, प्रिंस शर्मा, लविश मुंदड़ा, रमेश सुथार, अभिषेक चांवला, धीरज सुखवाल आदि उपस्थित रहे।