बड़ी सादड़ी के बोहेड़ा स्थित पीएम श्री विद्यालय में स्वीप टीम द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं।

बड़ी सादड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वीप टीम ने कठपुतली के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। बोहेड़ा के पीएम श्री विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कठपुतली की मनमोहक प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को आगामी पंचायत चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

स्वीप टीम बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार नए प्रयोग कर रही है। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक 18 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में रैलियों, विद्यार्थियों की रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन और वोट चौपाल संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया है। इसी कड़ी में टीम ने बोहेड़ा के पीएम श्री विद्यालय में कठपुतली प्रस्तुति के जरिए मतदान का संदेश देने की पहल की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों को अनूठे अंदाज में जागरूक करते हुए सभी महिला और पुरुष मतदाताओं से आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को होने वाले पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों को मतदान करने का संकल्प भी दिलाया गया।

कठपुतली कलाकार दिलीप भाट और उनकी टीम ने मनमोहक प्रस्तुति दी। टीम ने अनार कली नामक कठपुतली के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। कठपुतली के संवाद और प्रस्तुति ने दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा, सहायक विकास अधिकारी के सानिध्य में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष बुनकर, चाँद मल मेनारिया सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक और समाजजन मौजूद रहे। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने के लिए मतदान करने की शपथ ली। कठपुतली के माध्यम से आयोजित यह कार्यक्रम आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति और पंच-सरपंच चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का हिस्सा रहा।

Tags: