बड़ी सादड़ी: नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए स्वीप टीम ने चलाया मतदाता जागरूकता अभियान
11 सितंबर को होने वाले मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी के लिए कॉलेजों और स्कूलों में छात्र-छात्राओं को दिलाई गई शपथ।
बड़ी सादड़ी में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत आयोजित स्वीप अभियान के दौरान छात्रों और अधिकारियों को मतदान की शपथ लेते हुए देखा जा सकता है।
बड़ी सादड़ी में आगामी नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर स्वीप टीम ने मतदाता जागरूकता अभियान को युद्ध स्तर पर गति दी। मंगलवार को टीम ने ‘यूथ चला बूथ की ओर’ अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बड़ी सादड़ी में विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक किया। वहीं इंदिरा कॉलोनी स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को अपने अभिभावक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेश अनुसार और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मंजू के निर्देशन में रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत, स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और सहयोगी अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा अभियान में शामिल रहे। टीम सबसे पहले इंदिरा कॉलोनी स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। यहां भगवत सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों को अपने-अपने अभिभावक मतदाताओं, दादा-दादी, माता-पिता, ताऊ-ताई, चाचा-चाची, भैया-भाभी और निकटतम पड़ोसी मतदाताओं को आगामी 11 सितंबर को प्रातः 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होने वाले नगर निकाय आम चुनाव 2026 में मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने चुनाव आयोग के स्टार प्रचारक के रूप में उन्हें मतदान करवाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इसके बाद स्वीप टीम राजकीय महाविद्यालय बड़ी सादड़ी पहुंची। यहां विद्यार्थियों को खुद मतदान करने और सभी अभिभावक एवं परिजन मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए नगर निकाय चुनाव 2026 के ब्रांड एंबेसडर के रूप में सेवा देने का संकल्प दिलाया गया।
इसके तुरंत बाद टीम औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बड़ी सादड़ी पहुंची। यहां प्रशिक्षण में उपस्थित विद्यार्थियों को लोकतंत्र रूपी महापर्व में अपना अमूल्य योगदान देते हुए मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही परिजन मतदाताओं और गली-मोहल्ले के मतदाताओं को बिना लोभ-लालच और भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
आज की स्वीप गतिविधियों के अंतिम कार्यक्रम के रूप में नगर पालिका क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। यह हस्ताक्षर अभियान नगर पालिका कार्यालय और तहसील कार्यालय दोनों जगह चलेगा। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं और स्वीप जागरूकता से संबंधित होर्डिंग्स घंटाघर चौराहा एवं बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सर्किल गोल चौराहा पर लगाए गए।
गतिविधियों के दौरान राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र सिंह सोलंकी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से रूप सिंह, अनिल, दयाल सिंह झाला, मनीष नागदा, प्रधानाचार्य उच्च माध्यमिक विद्यालय इंदिरा कॉलोनी पंकज डांगी, रवि खोखर और नगर पालिका मंडल के कर्मचारी गण मौजूद रहे।
स्वीप टीम की ओर से आज से 6 सितंबर तक की आगामी कार्य योजना बनाकर स्वीप गतिविधियां संपन्न की जाएंगी। इसी क्रम में कल ‘स्काउट के रंग, स्वीप के संग’ तिरंगा यात्रा तहसील कार्यालय से घंटाघर चौराहे तक निकाली जाएगी। आगामी 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय आम चुनाव 2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता गतिविधियों का यह अभियान 6 सितंबर तक जारी रहेगा।