अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की नई कार्यकारिणी गठित, मांगीलाल सुथार अध्यक्ष और रमेश जोगी मंत्री बने
निम्बाहेड़ा में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ, जिसमें मांगीलाल सुथार अध्यक्ष और रमेश जोगी मंत्री बने।
तस्वीर में निम्बाहेड़ा के पेंशनर भवन में आयोजित बैठक के दौरान अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी और कार्यकर्ता खड़े नजर आ रहे हैं।
निम्बाहेड़ा में कोर्ट के पीछे स्थित पेंशनर भवन में आयोजित साधारण सभा के दौरान अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खंड निम्बाहेड़ा की नई कार्यकारिणी का तीन वर्ष के लिए मनोनयन किया गया। इस दौरान मांगीलाल सुथार को अध्यक्ष और रमेश चंद्र जोगी को मंत्री बनाया गया।
पालक जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि साधारण सभा में मुख्य अतिथि विभाग कार्यवाह भूरालाल तेली, विशिष्ट अतिथि कार्यवाहक अध्यक्ष मांगीलाल सुथार एवं रविंद्र सिंह सिसोदिया रहे। भूरालाल तेली ने अपने वक्तव्य में कार्यकर्ता निर्माण, जहां अपेक्षित हो वहां उपस्थित रहने, चारित्रिक उन्नयन, मोबाइल के दुष्परिणाम और अनुशासित श्रोता के विषयों पर विचार रखे। वहीं रविंद्र सिंह सिसोदिया ने संगठन परिचय एवं कार्य पद्धति पर उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मांगीलाल सुथार ने पुरानी कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा की। इसके बाद पालक रविंद्र सिंह सिसोदिया ने नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की।
नई कार्यकारिणी में मांगीलाल सुथार अध्यक्ष, निर्भय राम धाकड़ वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदीप कुमार मिश्रा पुरुष वर्ग में उपाध्यक्ष, पवन शेखावत महिला वर्ग में उपाध्यक्ष, रमेश चंद्र जोगी मंत्री, विद्या जटिया महिला मंत्री, सुरेश चंद्र कुमार कोषाध्यक्ष, रोशन लाल कोटवाल अध्यापक सदस्य, कालू लाल नायक वरिष्ठ अध्यापक सदस्य, रमेश लक्षकार प्राध्यापक सदस्य, कालूराम जटिया प्रधानाचार्य सदस्य, निर्मला बंबोरिया महिला अध्यापक सदस्य, मिट्ठूदास वैष्णव संस्कृत शिक्षक सदस्य (संस्कृत विभाग), सत्यनारायण जायसवाल पुस्तकालयाध्यक्ष सदस्य और गोपाल व्यास सेवानिवृत शिक्षक सदस्य मनोनीत किए गए।
कार्यकारिणी का मनोनयन तीन वर्ष के लिए किया गया है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकर्ता दिलीप कुमावत, रोशन लाल धोबी और पन्नालाल लखारा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में निर्भय राम धाकड़ ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।