बड़ी सादड़ी। निकुंभ कस्बे की पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध चंदा माता मंदिर में दीपावली के उल्लास के बीच 305वां साप्ताहिक भक्ति सत्संग श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना को लेकर यह आयोजन लाभार्थी उमेश चंद्र लोहार परिवार की ओर से करवाया गया।

श्रीचंदा माता सत्संग सेवा परिषद के संयोजक प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि सत्संग के दौरान आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु दिनभर माता रानी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालु महिलाओं ने मधुर भजनों की धुन पर माता रानी के दरबार में नृत्य कर अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट की।

सत्संग परिषद की ओर से लाभार्थी परिवार का अभिनंदन किया गया। वहीं, एक निजी कंप्यूटर्स की ओर से परिवार को माता रानी की छवि भेंट की गई। कार्यक्रम में भजन प्रवाहक भारत सिंह राठौड़ बिनोता, रोड़ मल काका, गिरधारी गंधर्व, तुलसी राम, भेरूलाल लोहार और पुष्कर मेनारिया ने माता रानी के सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर भजन प्रवाहकों ने प्रसिद्ध मेवाड़ी भजन गायक स्व. पंडित चैनराम गौड़ द्वारा लिखित कालिका माता एवं आसावरा माता की प्रसिद्धि में गाए गए भजनों और लावणियों की प्रस्तुतियां भी दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर दिव्य मंगल आरती की गई। इसके पश्चात लाभार्थी परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण की व्यवस्था में प्रबंधन समिति के बंशीलाल लोहार, किशन लाल लोहार, निलेश लोहार, भंवरलाल पूर्बिया एवं ओमप्रकाश प्रजापत ने सहयोग किया। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं और अतिथियों का संरक्षक राजमल दरबार ने आभार व्यक्त किया। चंदा माता मंदिर में आयोजित इस साप्ताहिक सत्संग में आसपास के गांवों से उमड़ी श्रद्धालुओं की भागीदारी ने धार्मिक आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

Tags: