मालीखेड़ा में चुनावी रंजिश को लेकर दंपती पर हमला, किसान गंभीर घायल, ग्रामीणों का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ के भूपालसागर स्थित मालीखेड़ा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर खेत पर काम कर रहे दंपती पर लाठी-पत्थरों से हमला हुआ। किसान गंभीर घायल होकर जिला अस्पताल रेफर, चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज।
चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाने के बाहर मालीखेड़ा में दंपती पर हुए हमले के विरोध में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर एकत्र हुए ग्रामीण।
चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर क्षेत्र के मालीखेड़ा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर एक दंपती पर हमला करने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह खेत के कुएं पर काम कर रहे किसान और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर एकत्र हुए और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, मालीखेड़ा निवासी किशनलाल (44) पुत्र प्रेम माली ने भूपालसागर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी पत्नी केसर देवी के साथ खेत पर स्थित कुएं पर काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लालूराम ओड, किशन ओड, केशू माली, प्रकाश माली (पिता का नाम उपलब्ध नहीं) और 4-5 अन्य लोग जबरन खेत में घुस आए।
आरोप है कि खेत में घुसे लोगों ने किशनलाल पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। पति को बचाने के लिए केसर देवी बीच में आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में दंपती को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल किशनलाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थानाधिकारी (सीआई) रणजीत सिंह ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की पांच धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल मुआयना करवाया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना को लेकर घायल की पत्नी केसर देवी ने मीडिया के सामने अपने खून से सने हाथ दिखाते हुए रोकर आपबीती बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए चुनाव प्रचार की पुरानी रंजिश के चलते 15-20 लोगों ने उनके पति पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। केसर देवी ने प्रशासन से सभी हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भूपालसागर थाने के बाहर एकत्र हुए और पुलिस प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।