कोरपना राजमार्ग पर सुबह घने कोहरे में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सुरक्षा रक्षकों की मौत, जांच जारी। 

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में रविवार, 22 नवंबर की सुबह घने कोहरे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लाइमस्टोन खदान में ड्यूटी पर जा रहे तीन सुरक्षा रक्षकों की बाइक को सामने से गलत दिशा में आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना रविवार तड़के करीब 5:30 बजे कोरपना-आदिलाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कन्हाळगाव-चनई खुर्द फाटे के बीच हुई।

इस हादसे में तुलशी, तहसील कोरपना निवासी प्रमोद भाऊराव किन्नाके (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, यवतमाल जिले की वणी तहसील के निंबाळा निवासी प्रणय मुके (28) ने गंभीर हालत में चंद्रपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे युवक वैभव रमेश राऊत (25), निवासी तांबाडी, तहसील कोरपना, जिला चंद्रपुर को गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर और पैरों में गंभीर चोट लगी है। उसका चंद्रपुर के मानवटकर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक आरसीसीपीएल लाइमस्टोन माइंस, परसोडा में सुरक्षा रक्षक के पद पर कार्यरत थे। रविवार तड़के वे एमएच 34 बीटी 2120 नंबर की प्लेटिना 120 मोटरसाइकिल से कोरपना से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता काफी कम थी।

इसी बीच विपरीत दिशा से गलत साइड में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण प्रमोद किन्नाके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रणय मुके ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोरपना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मृतकों और घायल युवक को कोरपना के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। वैभव राऊत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे उपचार के लिए चंद्रपुर भेजा गया, जहां मानवटकर अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

पुलिस निरीक्षक विनोद रहागडाले के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप जमादार और कोरपना पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सुरक्षा रक्षकों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Tags: