चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ चौकी की मांग को लेकर अजय दुबे ने विधायक सुधीर मुनगंटीवार को सौंपा निवेदन।

चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर अब RPF चौकी स्थापित करने की मांग उठी है। भाजपा कामगार मोर्चा के प्रदेश महासचिव अजय दुबे ने इस संबंध में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सुधीरभाऊ मुनगंटीवार को निवेदन सौंपकर तत्काल चौकी निर्माण की मांग की है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) जोन के अंतर्गत आने वाले चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) की चौकी स्थापित करने की मांग को लेकर अजय दुबे ने आज 13 सितंबर शुक्रवार को विधायक सुधीरभाऊ मुनगंटीवार से मुलाकात की और उन्हें निवेदन सौंपा। इस पर सुधीरभाऊ ने सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि वे आगामी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे।

गौरतलब है कि चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में RPF की कोई चौकी नहीं है। यह स्टेशन वहां से करीब 100 किमी दूर स्थित नागभीड पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। यहां सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी महज 16 जवानों के भरोसे है, जिन्हें 290 किमी क्षेत्र की निगरानी करनी पड़ती है।

स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 10 यात्री ट्रेनें और 25 मालगाड़ियां आवागमन करती हैं। इसके अलावा लगभग 700 यात्री रोजाना यहां से सफर करते हैं। इतनी बड़ी रेल परिचालन गतिविधियों और यात्रियों की आवाजाही के बावजूद उनकी सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की निगरानी के लिए मात्र दो RPF जवान तैनात हैं। ऐसे में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को अपर्याप्त बताया गया है।

निवेदन में चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर अलग RPF चौकी निर्मित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। चौकी स्थापित होने से यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। अब इस मांग को आगामी SECR बैठक में उठाए जाने के आश्वासन के बाद चौकी निर्माण को लेकर रेलवे के स्तर पर होने वाली पहल पर नजर रहेगी।

Tags: