त्योहारी सीजन में तत्काल टिकट के लिए रेलवे स्टेशनों पर लगने वाली लंबी कतारों और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर एक और तत्काल टिकट काउंटर शुरू किया जा रहा है। यह अतिरिक्त काउंटर 12 नवंबर से चालू होगा। ZRUCC सदस्य अजय दुबे के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे प्रशासन ने उनकी मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया है।

इस संबंध में 11 नवंबर को अजय दुबे ने मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अमन मित्तल से प्रत्यक्ष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तत्काल टिकट के लिए केवल एक काउंटर उपलब्ध होने के कारण यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। इसके बावजूद कई यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। यात्रियों की समस्या की गंभीरता को देखते हुए अमन मित्तल ने तत्काल एक और काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए।

बल्लारशाह रेलवे स्टेशन मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में दक्षिण भारत की ओर जाने वाली रेल यात्राओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण जंक्शन है। इस स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 150 रेलगाड़ियों का आवागमन होता है। इसके अलावा, आसपास के क्षेत्र में देश के लगभग 22 राज्यों के नागरिक निवास करते हैं और यहां प्रवासी श्रमिकों की संख्या भी काफी अधिक है।

दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान अपने गांव और घर जाने वाले यात्रियों की संख्या में बड़े पैमाने पर वृद्धि होती है। ऐसे समय में तत्काल टिकट के लिए केवल एक काउंटर होने से यात्रियों को लंबी कतारों और टिकट उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए अजय दुबे लगातार रेलवे प्रशासन के समक्ष अतिरिक्त काउंटर शुरू करने की मांग उठाते रहे।

आखिरकार उनके प्रयास सफल हुए और रेलवे प्रशासन ने 12 नवंबर से अतिरिक्त तत्काल टिकट काउंटर शुरू करने का निर्णय लिया। इससे विशेष रूप से त्योहारी सीजन में टिकट लेने के लिए लगने वाली भीड़ कम करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन के इस फैसले का यात्रियों ने स्वागत किया है।

Tags: