तस्वीर में पीसीसी सदस्य विभा माथुर और वंदना माथुर गंगापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करती हुई नजर आ रही हैं।

सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य विभा माथुर मंगलवार को गंगापुर पहुंचीं। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिवचरण माथुर की बेटी वंदना माथुर भी मौजूद रहीं। गंगापुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

विभा माथुर ने पूर्व सांसद एवं मंत्री स्व. रामपाल उपाध्याय की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गंगापुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की। उन्होंने प्रेरणा स्थल पहुंचकर स्व. रामपाल उपाध्याय की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने स्व. रामपाल उपाध्याय के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान विभा माथुर ने स्व. रामपाल उपाध्याय स्मृति संस्थान के अध्यक्ष नारायण उपाध्याय एवं महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति उपाध्याय से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से भी संवाद किया।

इसके बाद विभा माथुर पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र तेली की बुआजी के निधन पर आयोजित शोक सभा में शामिल हुईं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

गंगापुर दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी सदस्य विभा माथुर एवं वंदना माथुर का स्वागत किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।

Tags: