भीलवाड़ा जिले के पीएमश्री विद्यालय गंगापुर के कक्षा 9 के विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण दल को चित्तौड़गढ़ रवाना करने से पूर्व हरी झंडी दिखाते प्रधानाचार्य गोवर्धन लाल स्वर्णकार व अन्य शिक्षक।

गंगापुर, भीलवाड़ा। पीएमश्री विद्यालय गंगापुर के कक्षा 9 के 80 विद्यार्थियों ने व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ के ऐतिहासिक किले और राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण कर पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोवर्धन लाल स्वर्णकार ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के भ्रमण दल को रवाना किया।

विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी नारायण सिंह चुंडावत ने बताया कि पीएमश्री विद्यालय की व्यावसायिक शिक्षा योजना के तहत कक्षा 9 के 80 विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और रोजगारोन्मुख शिक्षा की प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे संबंधित क्षेत्रों की कार्यप्रणाली को समझ सकें।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ट्रेड के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ के ऐतिहासिक किले का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने किले के ऐतिहासिक महत्व को जाना और समझा। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर ट्रेड के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़ का भ्रमण किया, जहां उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर विभाग की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

महाविद्यालय के प्राचार्य भूपेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान डॉ. रोहित कुमार सेन ने भी अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को संबंधित क्षेत्र की जानकारी दी। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य प्रहलाद राय तेली, अनिल कुमार शर्मा, रेखा जीनगर, नारायण लाल गुर्जर, राधेश्याम गर्ग, रेणु शर्मा, दीपक खटीक, वीटी विजय कुमार और रविंद्र कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। गंगापुर के पीएमश्री विद्यालय की इस पहल के तहत विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक धरोहर के साथ तकनीकी शिक्षा संस्थान की कार्यप्रणाली को भी करीब से जाना।

Tags: