गंगापुर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर किशोरी मेला आयोजित, रमेशचंद्र वैष्णव बोले- बालिकाओं के विकास में मील का पत्थर
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर पीएम श्री विद्यालय में आयोजित किशोरी मेले और प्रतियोगिताओं के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर में आयोजित किशोरी मेले के दौरान छात्राओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो वितरित करते अतिथिगण।
गंगापुर, भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर परिसर में किशोरी मेले और अंतरविद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सजगता, सतर्कता, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का विकास करना था। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएम श्री गंगापुर की दक्षिता सेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की खुशबू कंवर चौहान द्वितीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में डिंपल जीनगर प्रथम और हेमलता बेरवा द्वितीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में शिफा खान ने प्रथम तथा प्रथा शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
समस्त विजेता और उपविजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि रमेशचंद्र वैष्णव, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला प्रतिनिधि, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य गोवर्धन लाल स्वर्णकार तथा विशिष्ट अतिथि वाइस प्रिंसिपल प्रहलाद राय तेली ने प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। किशोरी मेला प्रभारी पूनम रावत के निर्देशन में बालिकाओं के लिए मेहंदी, पोस्टर, मॉडल प्रदर्शन और शाब्दिक खेल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्पमाला अर्पित करके किया। मुख्य अतिथि रमेशचंद्र वैष्णव ने कहा कि किशोरी मेले बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने किशोरी मेलों को बढ़ावा देने और इनके माध्यम से बालिकाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य गोवर्धन लाल स्वर्णकार ने कहा कि विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं का उत्साह बालिकाओं को आगे बढ़ाने में सहयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शुभ संकेत बताया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 की छात्रा भाग्यश्री दहिया ने किया। इस अवसर पर रेखा जीनगर, पूजा चौहान, रेनू शर्मा, कौशल्या जीनगर, शांता शर्मा, ज्योति टॉक, ऋषिका व्यास, सुनीता चोटिया, नारायण लाल गुर्जर, राधेश्याम गर्ग, सावन टेलर, संपत बैरवा, किशन लाल खटीक, भेरूलाल शर्मा, सांवर माली सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। प्रतियोगिताओं, रचनात्मक गतिविधियों और सम्मान समारोह के माध्यम से आयोजित किशोरी मेले में बालिकाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके नेतृत्व और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।a