तस्वीर में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं।   

भीलवाड़ा शहर को दीपावली से पहले सुंदर, स्वच्छ और गड्ढामुक्त बनाने के लिए राज्य वित्त आयोग मद से नगर निगम क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों के तहत शहर की सड़कों, नालियों, नालों, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। सभी कार्य नगर निगम भीलवाड़ा की ओर से करवाए जाएंगे।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले ही उनके प्रयासों से 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण काम शुरू नहीं हो सके। अब इन कार्यों को प्रारंभ करवाया जा रहा है, ताकि दीपावली से पहले शहर की प्रमुख सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार हो सके तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

सड़क निर्माण और मरम्मत पर विशेष जोर देते हुए नगर निगम के चारों जोन में कुल 1 करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे लाइन के पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्रों में सड़क पेंचवर्क पर 80.50 लाख रुपये व्यय होंगे। आजाद चौक क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण पर 25 लाख, वैभव नगर में 20 लाख, कांवा खेड़ा में 25 लाख और चंद्रशेखर आजाद नगर में सीसी सड़क निर्माण पर 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

पशु चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सड़क कार्यों पर 15 लाख रुपये, उपनगर पुर की हरिजन बस्ती में 25 लाख, सांगानेर की गाड़िया लोहार बस्ती में 44 लाख, नागौरी गार्डन में 25 लाख, माणिक्य नगर में 35 लाख तथा गार्गी हॉस्पिटल से भीमगंज थाने तक सड़क निर्माण पर 22 लाख रुपये खर्च होंगे।

इसी तरह पांसल चौराहे से पुर रोड तक पेवर रोड निर्माण पर 25 लाख और रेलवे स्टेशन से कलेक्टर निवास तक पेवर रोड निर्माण पर 30 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। श्याम विहार, गांधी नगर और विवेकानंद नगर में सीसी सड़क निर्माण के लिए 45 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए वार्ड संख्या 20 से 29 तथा 39 से 44 में आवश्यकता के अनुसार नाली क्रॉसिंग निर्माण पर 13 लाख रुपये खर्च होंगे। इनकम टैक्स कार्यालय के पास नाली एवं सीसी पटरी निर्माण पर 3.16 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। मुरली विलास रोड, इंदिरा मार्केट, महारानी ट्रेड सेंटर, प्रताप टॉकीज, हरि सेवा धाम, सेवा सदन रोड और नागौरी गार्डन क्षेत्र में नाली क्रॉसिंग एवं निर्माण कार्यों पर 29.30 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।

शहर के बड़े नालों की मरम्मत पर 10 लाख रुपये खर्च होंगे। पश्चिमी क्षेत्र में नाली एवं क्रॉसिंग निर्माण तथा मरम्मत के लिए 22.50 लाख और शास्त्री नगर क्षेत्र में बड़े नालों की मरम्मत के लिए 10.90 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

चंद्रशेखर आजाद नगर, घरौंदा कॉलोनी, वकील कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास तथा सुभाष नगर में नाली निर्माण पर 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सभी वार्डों में नाली एवं क्रॉसिंग निर्माण तथा फेरोकवर लगाने के लिए 70 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक मूत्रालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 6 लाख रुपये और सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 21.55 लाख रुपये खर्च होंगे। कचरा संग्रहण स्थलों पर चारदीवारी एवं सीसी प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 20 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सीवरेज मैनहोल को सड़क के स्तर के अनुरूप करने पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे सड़कों पर आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

शहर में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोडलाइट पोल एवं लाइट लगाने पर 60 लाख रुपये खर्च होंगे। गांधी सागर रोड पर रोडलाइट एवं ऑक्टागोनल पोल लगाने के लिए 30.29 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्प्रिंग पोस्ट एवं थर्मोप्लास्टिक रम्बल स्ट्रिप लगाने पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। दीपावली से पहले सड़क, सफाई, रोशनी और जल निकासी से जुड़े कार्यों को गति देकर शहर की व्यवस्थाओं को अधिक सुचारू बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वीकृत विकास कार्यों से विभिन्न वार्डों के नागरिकों को राहत मिलने के साथ शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।

Tags: