मित्र की स्मृति में पांसल में 396 यूनिट रक्तदान, सेना सेवा का लिया ऐतिहासिक संकल्प

पांसल में ओम उज्ज्वल संस्थान के रक्तदान शिविर में 396 यूनिट रक्त संग्रह, कारगिल विजय दिवस पर सेना के लिए लिया गया विशेष संकल्प।

Update: 2026-07-27 08:53 GMT

तस्वीर में पांसल में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान एक व्यक्ति बेड पर लेटकर रक्तदान करते हुए नजर आ रहा है, जिसके पास चिकित्साकर्मी और गणमान्य नागरिक खड़े हैं।

मित्रता, समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति के भाव को समर्पित करते हुए ओम उज्ज्वल संस्थान द्वारा रविवार को पांसल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दिवंगत मित्र ओम अहीर की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित इस महा रक्तदान शिविर में 396 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। संस्थान ने संदेश दिया कि दिवंगत प्रियजनों की स्मृति को समाज सेवा और जरूरतमंदों का जीवन बचाकर हमेशा जीवंत रखा जा सकता है।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के सम्मान में ओम उज्ज्वल संस्थान ने एक महत्वपूर्ण संकल्प भी लिया। संस्थान के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से घोषणा की कि—

"भारतीय सेना को जब भी और जहाँ भी रक्त की आवश्यकता होगी, ओम उज्ज्वल संस्थान के स्वयंसेवक अपने निजी खर्च पर वहाँ पहुँचकर रक्तदान करेंगे।"

ओम उज्ज्वल संस्थान के अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति यह संकल्प हमारी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मित्र की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर और सेना के प्रति संस्थान की यह प्रतिबद्धता समाज को सेवा तथा राष्ट्रप्रेम की नई प्रेरणा देगी।

शिविर में रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, सुवाणा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, मांडल मंडल अध्यक्ष भेरूलाल गाडरी, पूर्व प्रधान गोपी सारस्वत, सत्यनारायण पारीक, गोपालनाथ, जिला मंत्री लादूलाल जाट एवं सत्यनारायण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

शिविर के सफल आयोजन पर ओम उज्ज्वल संस्थान की ओर से सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों की टीम और सहयोगियों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने सभी सदस्यों, सहयोगियों और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी समाज सेवा और मानव कल्याण के ऐसे अभियान निरंतर संचालित करता रहेगा।

Tags:    

Similar News