भीलवाड़ा में सूने मकान पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर और 70 हजार नकदी चोरी

भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात और 70 हजार नकदी ले गए, पुलिस जांच में जुटी।

Update: 2026-08-01 08:46 GMT

तस्वीर में भीलवाड़ा के एक सूने मकान के कमरे का बिखरा हुआ सामान और अस्त-व्यस्त स्थिति दिखाई दे रही है।

भीलवाड़ा शहर के पुर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना कमला नेहरू नगर (आटून रोड) स्थित मकान नंबर 29 की है, जहां परिवार के महाराष्ट्र घूमने जाने के बाद अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

मकान निवासी कवलजीत सिंह अरोड़ा 31 जुलाई की सुबह 5:00 अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र घूमने गए हुए थे। इसी दौरान रात 1 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मकान के सूने होने का फायदा उठाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सुबह मकान का ताला टूटा हुआ मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी अनुराग पारीक ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

चोर मकान से गोल्ड ब्रेसलेट 3.5 तोला, गोल्ड चेन 1 तोला, सिल्वर पायल व बिछिया लगभग 800 ग्राम, बच्ची की चांदी की कड़ियां, डायमंड पैंडेंट सेट और लगभग सत्तर हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। हालांकि मकान मालिक कवलजीत सिंह अरोड़ा के महाराष्ट्र से वापस लौटने के बाद अन्य सामान की चोरी का पूरा खुलासा हो सकेगा।

रिहायशी इलाके में इस तरह ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना से स्थानीय निवासियों में डर और रोष है। लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब दिन के उजाले में भी आम आदमी के घर सुरक्षित नहीं हैं।

पीड़ित पक्ष की ओर से पुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस से मामले की त्वरित जांच कर चोरों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की गई है। अब पुर थाना पुलिस के सामने चुनौती है कि वह इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों तक कब तक पहुंच पाती है।

Tags:    

Similar News