द नोबल्स स्कूल में NOTA पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को समझाया मतदान का महत्व
चुनावी साक्षरता क्लब के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ईवीएम में नोटा के विकल्प और उसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई।
द नोबल्स स्कूल के कार्यक्रम में छात्र और शिक्षक खड़े दिखाई दे रहे हैं।
द नोबल्स स्कूल में चुनावी साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया में नोटा (NOTA – None of the Above) के महत्व, अधिकार और उपयोगिता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में नोटा के विकल्प और उसके उपयोग की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य आई. एच. गोरी ने की। इस अवसर पर ईएलसी प्रभारी मनीष उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए नोटा एक सशक्त विकल्प है। यह मतदाताओं को चुनाव में अपनी असहमति दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार प्रदान करता है।
जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों के लिए ‘नोटा को पहचानो’ विशेष गतिविधि आयोजित की गई। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान प्रक्रिया में नोटा के विकल्प और उसकी उपयोगिता को समझाने का प्रयास किया गया।
गतिविधि के दौरान विद्यालय की ईएलसी चेयरमैन विधि मीणा, वाइस चेयरमैन कवीश परमार तथा ईएलसी सदस्य सामियान मकरानी, कृष नायक, भव्यांशी राजे, एमी पांचाल, डेविड बिस्वास, जिया जैन, जियान कलाल और मानवी डामोर ने प्रभावी एवं सामूहिक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में नोटा के विकल्प की पहचान और उसके उपयोग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। चुनावी साक्षरता क्लब के इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नोटा के महत्व और मतदान प्रक्रिया में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।