भीलवाड़ा में 28 अक्टूबर शाम और 29 अक्टूबर सुबह नहीं मिलेगा पेयजल, पूरे जिले में आपूर्ति बाधित
भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले में 28 अक्टूबर शाम और 29 अक्टूबर सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। 132 केवी बारोली जीएसएस पर मेंटेनेंस के लिए शटडाउन लिया जाएगा। जानें जलापूर्ति प्रभावित होने का कारण और विभाग की अपील।
भीलवाड़ा शहर सहित जिलेभर में 28 अक्टूबर की शाम और 29 अक्टूबर की सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। चम्बल-भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के तहत होने वाली जलापूर्ति पर विद्युत विभाग के शटडाउन का असर पड़ेगा। ऐसे में जिलेवासियों को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पहले से भंडारण करना होगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग परियोजना खंड प्रथम की सहायक अभियंता ने बताया कि अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) की ओर से आगामी 28 अक्टूबर को 132 केवी बारोली जीएसएस पर मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 2 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शटडाउन के दौरान भैंसरोडगढ़ एवं भुंजरकला की फीडर लाइन बंद रहेगी। इसके चलते आरोली स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) पर जल आपूर्ति बाधित होगी।
इसका असर भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले की पेयजल व्यवस्था पर पड़ेगा। विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की शाम और 29 अक्टूबर 2026 की सुबह होने वाली पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भीलवाड़ा शहर सहित जिले के सभी नागरिकों से शटडाउन के दौरान पेयजल का समुचित भंडारण सुनिश्चित करने और पानी का मितव्ययता से उपयोग करने की अपील की है। निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के कारण लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार पानी का इंतजाम पहले से करना होगा।