मिसेज करवा चौथ क्वीन प्रतियोगिता की विजेता और प्रतिभागी भीलवाड़ा के मंच पर पुरस्कार थामे खड़ी हैं।

भीलवाड़ा में जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं इंस्पायर्ड जीआर स्टार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026 प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में पूजा कंवर भाटी ने मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026 का खिताब अपने नाम किया। सृष्टि सिंह सिसोदिया फर्स्ट रनरअप और बसंती कुमावत सेकंड रनरअप रहीं।

स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विजेता पूजा कंवर भाटी को मिसेज करवा चौथ क्वीन का ताज पहनाकर और शेष भेंटकर विशेष सम्मान किया गया। विजेता की घोषणा होते ही हॉल में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और फूलों की बौछार से उत्साह व्यक्त किया।

प्रतियोगिता में विजेता, फर्स्ट रनरअप और सेकंड रनरअप का चयन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इसमें अभिनेत्री प्रतिष्ठा ठाकुर, मिस राजस्थान सलोनी श्रीवास्तव और रंजना बुलिवाल शामिल रहीं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं ने रैंप वॉक के दौरान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और तालियों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

आयोजन संयोजक साधना मेलाना ने बताया कि मिसेज राजस्थान जया चौहान (फैशन आइकन) के नेतृत्व में करवा चौथ की थीम पर समारोह आयोजित किया गया। इसमें शामिल महिलाओं ने ब्राइडल लुक के माध्यम से एक नई परंपरा की शुरुआत की। पारंपरिक वेशभूषा में भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

प्रतियोगिता में हंसा माहेश्वरी, ममता टाक, प्रियंका तोलम्बिया, गीतिका ओझा, प्रिया चौहान, माया वैष्णव, वर्षा सोनी, चांदनी वैष्णव, अदिति बैरवा, रेखा शर्मा, कीर्ति सैनी और पूनम लक्ष्कार ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को जिला यूनेस्को एसोसिएशन और आईजीआर स्टार इंडिया की ओर से मोमेंटो एवं शेष भेंटकर सम्मानित किया गया।

मुख्य कार्यक्रम से पहले प्रीति सिंगावत की टीम ने ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ गीत पर स्वागत प्रस्तुतियां दीं। समारोह का संचालन चेल्सी दक ने किया।

इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, पूर्व सभापति मधु जाजू, जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, कार्यक्रम सह संयोजक मधु लोढा, उषा अग्रवाल, कमलेश जाजू, विशाल विजयवर्गीय, रामचन्द्र मून्दड़ा, मनीष चौहान, भावना मेहता, गणेश सैनी, हर्ष गर्ग, दिशा माली, रागिनी भाटी और सत्यनारायण माली सहित यूनेस्को के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Tags: