तस्वीर में बाएं से मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर 'मांडल विकास पुस्तिका' पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा। जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आज राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ’मांडल विकास पुस्तिका’ का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा विशेष रूप से मौजूद रहे।

मांडल विधायक प्रवक्ता कमलेश सिंह गुढ़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि विमोचन के दौरान मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को मांडल विधानसभा क्षेत्र में हाल के वर्षों में हुए विभिन्न विकास कार्यों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

पुस्तिका के संबंध में विधायक उदयलाल भड़ाणा ने कहा कि ’यह पुस्तिका मांडल विधानसभा क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य/चिकित्सा, सड़क, पेयजल, सिंचाई और विभिन्न विकास परियोजनाओं की उपलब्धियों का एक विस्तृत दस्तावेज़ है। यह केवल एक पुस्तिका नहीं, बल्कि मांडल क्षेत्र के विकास, जनविश्वास और प्रगति की यात्रा का जीवंत प्रतिबिंब है।’

विधायक भड़ाणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में राजस्थान निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में मांडल विधानसभा क्षेत्र भी प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए मिल रहे निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा हेतु मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। मांडल विकास पुस्तिका के विमोचन के माध्यम से क्षेत्र में हुए जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न विकास परियोजनाओं की उपलब्धियों को दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

Tags: