भीलवाड़ा में 2 से 6 सितंबर 2026 तक इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन होगा। राजस्थान बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में जिला भीलवाड़ा बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित होने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के सात राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में टीम चैंपियनशिप के साथ व्यक्तिगत मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजन कमेटी का गठन किया गया है। मुकेश खंडेलवाल को आयोजन समिति का अध्यक्ष, निशांत मेवाडा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा राजेश भदादा, रोशन डाम और सुशील वर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव जिला बैडमिंटन संघ के सचिव अभिषेक शर्मा होंगे, जबकि स्वागत समिति के अध्यक्ष विजयसिंह शक्तावत होंगे।

आयोजन समिति में संयुक्त सचिव के रूप में जितेश खात्री, अभिषेक शर्मा, भूपेंद्र सिंह पंवार, साहिल सालगिया, अभिषेक शर्मा (भोलू) शामिल हैं। आयोजन समिति के सदस्यों में प्रभुदयाल जाट, अर्जुन ब्रह्माभट्ट, दारा सिंह राजपूत, विनित शर्मा, संदीप आनंद, अनिसेत चौधरी, हरीश साल्वी, हीरालाल, आशीष व्यास, लप्तिर आचार्य, आशू जैन और डॉ. कार्तिक शर्मा शामिल हैं।

भीलवाड़ा बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव एवं आयोजन सचिव अभिषेक शर्मा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 7 राज्यों की टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के लिए यह बड़े गर्व का विषय है कि उसे इस स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। चैंपियनशिप में भाग लेने वाले राज्यों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, अभ्यास तथा मैच संचालन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी मुस्तैदी के साथ शुरू कर दी गई हैं।

अभिषेक शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में टीम चैंपियनशिप एवं व्यक्तिगत मुकाबले आयोजित होंगे। इस प्रतियोगिता के आधार पर राजस्थान टीम चैंपियनशिप और व्यक्तिगत मुकाबलों के आधार पर सीधे ही प्रविष्टि मिलेगी। पांच दिवसीय चैंपियनशिप में उत्तर भारत के कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मैचों के सुचारु संचालन के लिए भारतीय बैडमिंटन संघ के मानकों के अनुसार अत्याधुनिक कोर्ट और रेफ्री की व्यवस्था की जा रही है।

राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव के. के. शर्मा ने बताया कि जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर चयनित टीम नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में भाग लेगी। राजस्थान टीम का कैंप भीलवाड़ा में 29 अगस्त से लगाया जाएगा। पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कोच एवं वर्तमान सेलेक्शन कमेटी के सदस्य संजीव सचदेवा तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के कोच यादवेन्द्र सिंह एवं गरिमा शर्मा (महिला कोच) राजस्थान टीम के खिलाड़ियों को कोचिंग देंगे। प्रतियोगिता एस-30 शटल से आयोजित की जाएगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 2 सितंबर को शाम 6 बजे केंद्रीय मंत्री और राजस्थान बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद दामोदर अग्रवाल, मांडल विधायक गोपाल खंडेलवाल, विधायक अशोक कोठारी भीलवाड़ा, विधायक मांडलगढ़ उदयलाल भडाना और भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाडा उपस्थित रहेंगे।

खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में मिले सहयोग के लिए आयोजन समिति आभार व्यक्त करती है। अतिथि के रूप में नरेंद्र मंत्री, जो जिंदल स्टील लिमिटेड के डायरेक्टर हैं, संगम ग्रुप के चेयरमैन राम पाल सोनी और आरएलएम के एमडी त्रिलोक छाबड़ा भी उपस्थित रहेंगे।

योनेक्स ल्युज़ार्ड इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में मीडिया इंचार्ज जयपुर के पीयूष कुलश्रेष्ठ और भीलवाड़ा के हीरालाल होंगे।

जिला बैडमिंटन भीलवाड़ा द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में सात राज्यों हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं राजस्थान के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में लगभग 220 खिलाड़ी तथा टेक्निकल ऑफिसर्स सहित 250 से अधिक लोग शामिल होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अवसर पर जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत भी उपस्थित रहे।

इस तरह 2 से 6 सितंबर तक होने वाली इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में सात राज्यों के खिलाड़ी और अधिकारी भीलवाड़ा में जुटेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए गठित समिति ने खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास और मैच संचालन से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Tags: