खेलो राजस्थान गेम्स: रजिस्ट्रेशन से लेकर आयोजन तक, जानें पूरा शेड्यूल
राजस्थान में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए तीन चरणों में प्रतियोगिताएं होंगी। जानिए पंजीकरण तिथि और ग्रामीण-शहरी स्तर का आयोजन कार्यक्रम।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तर्ज पर राजस्थान में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेलो राजस्थान गेम्स का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 01 दिसम्बर 2026 को प्रस्तावित है। इसके लिए प्रथम चरण में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 01 अक्टूबर से 16 नवम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रतियोगिताओं का आयोजन 01 दिसम्बर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं जिला स्तर से शुरू होंगी।
जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि आमजन और युवाओं को मानसिक तनाव से दूर रखने, बीमारियों से बचाव, स्क्रीन टाइम कम करने तथा फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर आयोजित होंगी, जिनमें सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी पंजीकरण करवाकर भाग ले सकेंगे।
प्रथम चरण में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स की 100, 200, 400, 800 और 3000 मीटर दौड़, रस्साकशी तथा तीरंदाजी को शामिल किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन, ब्लॉक स्तर पर 10 दिन, जिला स्तर पर 05 दिन और राज्य स्तर पर 05 दिन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर पर 14 दिन, जिला स्तर पर 05 दिन तथा राज्य स्तर पर 05 दिन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
द्वितीय चरण में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और शूटिंग की प्रतियोगिताएं 1 अप्रैल 2027 से 15 मई, 2027 तक करवाया जाना प्रस्तावित है। तृतीय चरण में खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सतोलिया की प्रतियोगिताएं 15 अगस्त, 2027 से 30 सितम्बर, 2027 तक करवाई जाएंगी। इस प्रकार तीन चरणों में विभिन्न खेलों के आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका क्षेत्र, नगर परिषद और नगर निगम क्षेत्र के साथ राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इनके आयोजन के लिए संबंधित क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों, निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, क्रीड़ा परिषद के स्टेडियम और उपलब्ध खेल मैदानों का उपयोग किया जाएगा।
खेलो राजस्थान गेम्स के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियों का गठन किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर की समिति में सरपंच, ग्राम पंचायत को संयोजक बनाया गया है। राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य या प्रधानाध्यापक, ग्राम पंचायत के ग्राम सचिव और शारीरिक शिक्षक समिति के सदस्य होंगे। यह समिति खिलाड़ियों को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने और उनका पंजीकरण करवाने, खेलों का प्रचार-प्रसार करने, राजस्व ग्राम की टीमों का चयन करने, रेफरी की व्यवस्था करने तथा खेल मैदानों का चिन्हीकरण करने का कार्य करेगी।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत स्तर पर खेल आयोजन की तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना, एक सेट खेल उपकरण खरीदना, ग्राम पंचायत की टीम का चयन कर उसका गठन करना तथा टीम को ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की व्यवस्था उपलब्ध कराना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने और राजकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का कार्य भी किया जाएगा।
ब्लॉक स्तर की समिति में उपखण्ड अधिकारी, पंचायत समिति को संयोजक बनाया गया है। उप पुलिस अधीक्षक, पंचायत समिति के ब्लॉक विकास अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधि, जिला खेल अधिकारी का प्रतिनिधि और शारीरिक शिक्षक समिति के सदस्य होंगे। यह समिति ब्लॉक स्तर पर खेलों का प्रचार-प्रसार करने, प्रतियोगिताओं की तैयारी और आयोजन की व्यवस्था करने, रेफरी उपलब्ध कराने तथा खेल मैदानों का चिन्हीकरण करने की जिम्मेदारी निभाएगी।
ब्लॉक स्तर पर दो सेट खेल उपकरणों की खरीद, खिलाड़ियों के लिए एक समय के भोजन और पानी की व्यवस्था तथा विजेता टीमों के जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की व्यवस्था भी इसी समिति द्वारा की जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या और राजकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्य भी समिति के दायरे में होंगे।
नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर पर गठित समिति में जिला कलक्टर या उपखण्ड अधिकारी संयोजक होंगे। नगर पालिका के E.O. या नगर परिषद एवं नगर निगम के CEO, उप पुलिस अधीक्षक, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी या CDEO, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधि और जिला खेल अधिकारी का प्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे।
शहरी निकाय स्तर की समिति खिलाड़ियों को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने और उनका पंजीकरण करवाने के साथ खेलों का प्रचार-प्रसार करेगी। नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारियां एवं व्यवस्थाएं करना, रेफरी की व्यवस्था करना, खेल मैदानों का चिन्हीकरण करना और दो सेट खेल उपकरण खरीदना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही विजेता टीमों को जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी तथा सांस्कृतिक संध्या और राजकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
खेलो राजस्थान गेम्स के तहत पंजीकरण और प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में प्रस्तावित है। ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समितियों को पंजीकरण, खेल मैदान, उपकरण, रेफरी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।