भीलवाड़ा के बीगोद में जूते की दुकान में आग, लाखों का सामान राख
त्रिवेणी चौराहे पर स्थित दुकान में शार्ट सर्किट की आशंका से आग लगी, दमकल टीम ने 2 घंटे में काबू पाया।
बीगोद के त्रिवेणी चौराहे पर दुकान में आग लगने के बाद कड़ी मशक्कत से दमकल विभाग ने काबू पाया।
भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र स्थित व्यस्त त्रिवेणी चौराहे पर सोमवार सुबह जूते-चप्पल की एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और दुकान से उठती लपटों तथा काले धुएं के गुबार के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग में दुकान में रखा फुटवियर का बड़ा स्टॉक जलकर राख हो गया, जिससे दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, दुकान गोपाल सिंधी की है। वे रविवार रात हमेशा की तरह दुकान को पूरी तरह बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह अचानक दुकान से काला धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सुबह चौराहे से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने जब दुकान को आग की लपटों से घिरा देखा, तो वहां हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
सुबह-सुबह लगी आग से चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान मालिक गोपाल सिंधी को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। आग तेजी से फैलती रही और दुकान में रखा सामान उसकी चपेट में आता गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को उस पर पूरी तरह काबू पाने के लिए करीब 2 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझने तक दुकान में रखा फुटवियर का पूरा स्टॉक जलकर राख हो चुका था।
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि दुकान बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान में रखा सारा माल नष्ट होने से गोपाल सिंधी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उनका पूरा कारोबार प्रभावित हुआ।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। सूचना मिलने पर बीगोद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अब आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।