भीलवाड़ा: सिंधी समाज ने मनाया असुचण्ड महोत्सव, मंदिर पर हुआ ध्वजारोहण
पंच परमेश्वर झूलेलाल मंदिर में नवरात्रा स्थापना से असुचण्ड तक विशेष पूजा, भगवान झूलेलाल का अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
भीलवाड़ा के पंच परमेश्वर झूलेलाल मंदिर में असुचण्ड महोत्सव के अवसर पर पूज्य झण्डा साहब की पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल सिंधी समाज के श्रद्धालु।
भीलवाड़ा में सिंधी समाज उत्तर क्षेत्र ने असुचण्ड महोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया। सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षेत्र) के तत्वावधान में सिंधु भवन स्थित पंच परमेश्वर झूलेलाल मंदिर में नवरात्रा स्थापना से लेकर असुचण्ड के दिन तक धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नवरात्रा स्थापना के अवसर पर रविवार को प्रातः काल महामाया माता भगवती के विभिन्न श्लोकों के साथ विधिवत घट स्थापना की गई। इसके बाद पूजा-अर्चना, महाआरती और हथ-प्रसादी का आयोजन हुआ।
सोमवार को असुचण्ड महोत्सव के अवसर पर भगवान झूलेलाल की प्रतिमा का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में पवित्र ज्योत प्रज्वलित की गई और पुष्प वर्षा के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान पूज्य झण्डा साहब की पूजा-अर्चना भी की गई।
धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। इस तरह सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षेत्र) के तत्वावधान में पंच परमेश्वर झूलेलाल मंदिर में नवरात्रा स्थापना और असुचण्ड महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।