कोहिनूर सेवा समिति ने कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति प्रस्तुतियों और कवि सम्मेलन से बांधा समां

भीलवाड़ा में कोहिनूर सेवा समिति ने कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति गीत, नृत्य और कवि सम्मेलन का आयोजन किया, जहां शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

Update: 2026-07-28 08:04 GMT

तस्वीर में वरिष्ठ नागरिक मंच पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित अतिथि और सम्मानित प्रतिभागी स्मृति चिन्ह लेकर समूह फोटो के लिए खड़े हैं, जबकि सामने महिलाएं और बच्चे बैठे दिखाई दे रहे हैं।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोहिनूर सेवा समिति (कोहिनूर ग्रुप इन राजस्थान) के तत्वावधान में भीलवाड़ा स्थित वरिष्ठ नागरिक मंच पर आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, नृत्य प्रस्तुतियों और ओजस्वी कवि सम्मेलन का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभक्ति और शौर्य से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।

समिति के प्रदेश संयोजक एवं राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनीराज ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ जहाजपुर से आए कवि शिवचरण शर्मा ने भारत माता वंदना से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति मंजू पोखरना ने की, जबकि मुख्य अतिथि बसपा के प्रदेश सचिव रामेश्वर लाल बैरवा रहे। मानव हितकारी संस्थान की मधु पांडे तथा कोटड़ी के पूर्व सरपंच मेघराज पेंटर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संगीत प्रेमी मित्र ग्रुप के प्रसिद्ध गायक कलाकार रतन खोईवाल ने “तलवारों पे सर वार दिए अंगारों में जिस्म जलाया है” तथा “ए मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी” प्रस्तुत कर कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कवि ओम उज्जवल ने “भारत है जन्मभूमि वीरों की है कर्मभूमि...”, पुर से आए कवि गोपाल टेलर ने “कारगिल के शहीदों की याद आती है...” सुनाकर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। कवयित्री पूजा साल्वी ने “यह जिंदगी वतन के नाम कर देना...”, प्रीति संघावत ने “मेरे देश मेरे भारत तू मेरी धड़कन है”, जबकि राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनीराज ने “शहीदों की शहादत का देश को फरमान होगा” का पाठ कर देशभक्ति का जज्बा जागृत किया। अतुल कास्ट ने “कारगिल का सैनिक हूं मैं अपनी कथा सुनाता हूं” प्रस्तुत किया। गीतकार ब्रिज सुंदर सोनी, श्याम सुंदर तिवाड़ी और जयप्रकाश जय ने भी ओजस्वी काव्य पाठ कर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनीराज ने किया। प्रतिज्ञा कंवर और रितिका खटीक ने देशभक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि रिवान सिंह एवं रिताशा सिंह ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर समाज सेवक पीरूलाल खोईवाल, सुनील मेवाड़ा, निजी शिक्षण संस्थान शहर अध्यक्ष दिनेश छिपा, शहर अध्यक्ष अनीता पहाड़िया, ममता शर्मा, पिंकी सोनी, प्रीति संघावत, पारस कंवर, संरक्षक छितर मल लड्ढा, मुख्य सलाहकार सत्यनारायणण जोशी, शहर प्रभारी रामचंद्र मुंदड़ा, शहर अध्यक्ष छितर मल गेंगट, रामनिवास राठी, जहीरूद्दीन मेवाफरोश, रसीद शेख, हरीश मारू, प्रियांशु पांडे और आशीष सोनी सहित अन्य का शाल, ऊपरना और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में शहर अध्यक्ष डॉ. उषा अग्रवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति, शौर्य और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।

Tags:    

Similar News