गंगापुर थाना क्षेत्र के शिवरति गांव में तीन दिन से लापता महिला प्रेम देवी का शव मिलने के बाद अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

गंगापुर थाना क्षेत्र के शिवरति गांव में घर से निकली एक महिला का तीन दिन बाद शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला 9 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने 11 अक्टूबर को गंगापुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके अगले दिन 12 अक्टूबर को महिला का शव उसके खेत के पड़ोसी के कुएं में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, शिवरति गांव निवासी प्रेम देवी पत्नी नारायण जाट 9 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 11 अक्टूबर को गंगापुर थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसी बीच 12 अक्टूबर को उसके खेत के पड़ोसी के कुएं में शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर सहाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज टांक, डीएसपी सुदर्शन पालीवाल और गंगापुर थाना प्रभारी पुरण मल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कुएं से बाहर निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई।

इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं का पानी खाली करवाया गया। काफी प्रयासों के बाद महिला के शव को बाहर निकाला जा सका। बाद में एम्बुलेंस की सहायता से शव को गंगापुर सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मोर्चरी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। तीन दिन पहले घर से निकली महिला का शव कुएं में मिलने की घटना के बाद शिवरति गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Tags: